Bhopal Love Jihad Case: जिहादी नारे लगाते हुए हिंदू लड़कियों से करते थे दुष्कर्म, 3 साल से घटना को अंजाम देता था गिरोह

Bhopal Love Jihad Case: पुलिस ने छात्राओं को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म और यौन शोषण करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया हैं। कई वीडियो और फोटो भी बरामद हुए।

Bhopal Love Jihad Case: उज्जवल प्रदेश, भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीआईटी कॉलेज में छात्राओं को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संगठित गिरोह का मास्टरमाइंड फरहान खान अपने साथियों के साथ 3 साल से इस घिनौने खेल को अंजाम दे रहा था।

जांच में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, जो पुलिस और समाज को चौंका रहे हैं। फरहान और उसके छह साथी छात्राओं को निशाना बनाते थे। उनके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो की तलाश जारी है। पिपलानी पुलिस ने एक रेस्टोरेंट को बंद कराया, जहां यह गिरोह मिलता था। इसके मालिक पर फंडिंग का संदेह जताया है।

प्रेमजाल से शुरू हुआ घिनौना खेल

फरहान खान टीआईटी कॉलेज में पढ़ाई करता था। छात्राओं से दोस्ती कर उन्हें अपने झूठे प्रेमजाल में फंसाता था। उसके बाद वह उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता। इस दौरान गुपचुप तरीके से वीडियो रिकॉर्ड करता। उसके दोस्त अबरार और अली छात्राओं के साथ यौन संबंध बनाने की होड़ में शामिल थे।

फरहान अपनी पीड़िताओं को ब्लैकमेल कर उनकी सहेलियों और बहनों को भी जाल में फंसाने के लिए मजबूर करता था। पुलिस को फरहान के मोबाइल से छह अश्लील वीडियो मिले हैं, जिनमें कुछ पीड़िताएं वीडियो बनाने का विरोध करती दिख रही हैं। इस दौरान वह धार्मिक नारों के साथ यौन क्रूरता करता दिखता है।

गिरोह की क्रूरता ने पुलिस को चौंकाया

जांच में शामिल अधिकारियों ने बताया कि वीडियो देखकर उनकी रोंगटे खड़े हो गए हैं। फरहान अपने रिश्तेदार हमीद के जहांगीराबाद स्थित घर पर छात्राओं को ले जाता था। हमीद ने पिछले साल आत्महत्या कर ली थी। जहांगीराबाद पुलिस इसकी जांच कर रही है।
वीडियो में साफ दिखता है कि फरहान छिपे हुए कैमरे से रिकॉर्डिंग करता था। पीड़िताएं इसका विरोध करती थीं। सोमवार को गिरफ्तार चौथे आरोपी अली के मोबाइल में एक पीड़िता की छोटी बहन के अश्लील फोटो मिले, जो इंदौर में फरहान के दुष्कर्म की शिकार थी। अली के खिलाफ ऐशबाग थाने में मारपीट का मामला भी दर्ज है।

अबरार और नबील की भूमिका

पुलिस पूछताछ में पता चला कि बिहार निवासी अबरार और पश्चिम बंगाल निवासी नबील अश्लील वीडियो बेचने की योजना बनाते थे। फरहान से वे वीडियो मांगते थे। फरहान कहता था कि समय आने पर दूंगा। ये दोनों छात्राओं को पार्टी के बहाने फरहान के साथ छोड़ देते थे। उन्हें नशा देने की जिम्मेदारी भी इन्हीं की थी। पुलिस इन दोनों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

रेस्टोरेंट पर फंडिंग का संदेह

पिपलानी पुलिस ने मंगलवार को टीआईटी कॉलेज के पास एक रेस्टोरेंट को बंद करा दिया, जहां फरहान और उसका गिरोह छात्राओं को लेकर जाता था। पुलिस को संदेह है कि रेस्टोरेंट का मालिक इस गिरोह को फंडिंग कर रहा था। पुलिस ने मालिक से पूछताछ की तैयारी शुरू कर दी है। इस रेस्टोरेंट में गिरोह के सदस्य नियमित रूप से मिलते थे। अपनी योजनाएं बनाते थे।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त प्रियंका शुक्ला ने बताया कि फरहान और उसका गिरोह तीन साल से सक्रिय था। अब तक चार आरोपी फरहान, साहिल, मोहम्मद साद और अली गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अबरार और नबील फरार हैं। पुलिस ने पांच थानों में पांच मामले दर्ज किए हैं, जिनमें रेप, अपहरण, पॉक्सो, और धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धाराएं शामिल हैं। पुलिस कमिश्नर हरीनारायणचारी मिश्र ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। SIT पीड़िताओं की संख्या और अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।

आगे की चुनौतियां

यह मामला 1992 के अजमेर रेप कांड की याद दिलाता है, जहां भी एक संगठित गिरोह ने छात्राओं को निशाना बनाया था। भोपाल पुलिस पर अब दबाव है कि वह सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़िताओं को न्याय दिलाए। जांच में सामने आए वीडियो और फोटो के आधार पर पुलिस अन्य पीड़िताओं से संपर्क कर रही है। इस मामले ने कॉलेज प्रशासन और समाज में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Back to top button