Honda Livo 2025: होंडा की नई 2025 लिवो बाइक का अपडेटेड मॉडल भी लॉन्च
Honda Livo 2025: जापान की Honda Company की भारत में सहायक होंडा मोटरसाइकल और स्कूटर इंडिया ने अपने नई प्रोडक्ट के बाद अब नई 2025 लिवो मोटरसाइकल का अपडेटेड मॉडल भी लॉन्च कर दिया है।

Honda Livo 2025: उज्जवल प्रदेश डेस्क. नई दिल्ली. जापान की होंडा कंपनी (Honda Company) की भारत में सहायक होंडा मोटरसाइकल और स्कूटर इंडिया ने अपने नई प्रोडक्ट के बाद अब नई 2025 लिवो (Honda Livo 2025) मोटरसाइकल का अपडेटेड मॉडल भी लॉन्च कर दिया है, जो कि ओबीडी 2बी मानकों के अनुरूप होने के साथ ही बोल्ड डिजाइन और मॉडर्न टेक्नॉलजी से लैस है। यह बाइक खासतौर पर शहरों के युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है और इसमें आकर्षक डिजाइन, नई टेक्नोलॉजी और ओबीडी 2बी कंप्लायंट इंजन देखने को मिलता है।
3 कलर ऑप्शन मिलेंगे
नई होंडा लिवो (Honda Livo 2025) के डिजाइन की बात करें तो यह काफी आकर्षक है। इसमें मस्कुलर फ्यूल टैंक, नए ग्राफिक्स और स्टाइलिश बॉडी पैनल दिए गए हैं। इस मोटरसाइकल में आपको 3 कलर ऑप्शन मिलेंगे, जो कि पर्ल इग्नियस ब्लैक (ऑरेंज स्ट्रिप्स के साथ), पर्ल इग्नियस ब्लैक (ब्लू स्ट्रिप्स के साथ) और पर्ल सिरेन ब्लू हैं।
कंपनी का दावा है कि यह बाइक शानदार लुक्स और बेहतर राइडिंग एक्सपीरियंस देती है। नई होंडा लिवो बाइक की कीमत की बात करें तो इसकी शुरूआती एक्स-शोरूम दिल्ली कीमत 83,080 रुपये है। ड्रम ब्रेक वेरिएंट की कीमत 83,080 रुपये और डिस्क ब्रेक वैरिएंट की कीमत 85,878 रुपये है। यह बाइक जल्द ही देशभर के होंडा शोरूम में उपलब्ध होगी।
गुणवत्ता और नवीनता के प्रति कमिटमेंट है नई लिवो: ओटानी
अपडेटेड होंडा लिवो लॉन्च के मौके पर होंडा मोटरसाइकल और स्कूटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर, प्रेजिडेंट और सीईओ सुत्सुमु ओटानी ने कहा कि 2025 मॉडल लिवो न केवल अपने शानदार स्टाइल, बल्कि अडवांस फीचर्स के साथ ग्राहकों को एक बेहतरीन अनुभव प्रदान करेगी।
वहीं, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के सेल्स और मार्केटिंग डायरेक्टर योगेश माथुर ने बताया कि लिवो हमेशा से ग्राहकों की पसंदीदा बाइक रही है। 2025 मॉडल के जरिये हमारा लक्ष्य इसकी बाजार में स्थिति को और मजबूत करना है। नई लिवो में तकनीक और डिजाइन का ऐसा तालमेल है, जो होंडा की गुणवत्ता और नवीनता के प्रति कमिटमेंट को दर्शाता है।
109.51 सीसी का इंजन लगा है नई होंडा लिवो में
नई होंडा लिवो में 109.51 सीसी का सिंगल सिलिंडर फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन है, जो कि नए ओबीडी 2बी मानकों का पालन करता है। यह इंजन 7500 आरपीएम पर 8.67 बीएचपी की पावर और 5500 आरपीएम पर 9.30 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इसके साथ 4-स्पीड गियरबॉक्स भी दिया गया है। आपको बता दें कि ओबीडी 2बी एक नया एमिशन स्टैंडर्ड है, जो वाहन से निकलने वाले प्रदूषण को कम करता है।