पाकिस्तान को झटका, अमेरिका ने 30 करोड़ डॉलर की मदद रद्द की

वॉशिंगटन
पाकिस्तान में बनी इमरान खान की नई सरकार को पहला तगड़ा झटका लगा है। अमेरिकी मिलिटरी ने पाकिस्तान को दी जानेवाली 30 करोड़ डॉलर की मदद रद्द कर दी है। आपको बता दें कि आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में नाकाम रहने के कारण इस्लामाबाद को अब तक यह मदद रोकी गई थी। अमेरिका के साथ पाकिस्तान के संबंध पहले से ही तनावपूर्ण हैं, अब इस फैसले के बाद द्विपक्षीय रिश्ते और कमजोर हो सकते हैं।
कोलिशन सपॉर्ट फंड्स के नाम से दी जाने वाली मदद उस बड़ी धनराशि का हिस्सा थी जिस पर इस साल की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने रोक लगा दी थी। उस समय उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह मदद के बदले झूठ और धोखा दे रहा है।
ट्रंप प्रशासन का साफ तौर पर कहना है कि इस्लामाबाद आतंकियों को सुरक्षित पनाहगाह मुहैया करा रहा है। दरअसल, अमेरिका पाकिस्तान के पड़ोसी देश अफगानिस्तान में 17 वर्षों से लड़ाई लड़ रहा है। हालांकि पाकिस्तान अमेरिका के इस आरोप से इनकार करता रहा है।
हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने कहा था कि पाकिस्तान अपना रवैया बदल दे तो वह हमारा भरोसा जीत सकता है। अमेरिकी रक्षा मंत्री जिम मैटिस को यह फैसला लेना था कि अगर उन्हें लगता है कि आतंकियों के खिलाफ पाकिस्तान ने ठोस कदम उठाए हैं तो उसे 300 मिलियन डॉलर की फंड देने के आदेश दिए जा सकते हैं। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मैटिस पाकिस्तान की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुए।