JTET 2025: 60 हजार शिक्षकों की होगी बंपर भर्ती, बिना CTET वाले भी कर सकेंगे आवेदन
JTET 2025: झारखंड सरकार ने 60,000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की है। इसमें JTET और क्षेत्रीय भाषाओं के शिक्षकों को प्राथमिकता मिलेगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद केवल JTET-योग्य उम्मीदवार ही पात्र होंगे। जानिए भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी।

JTET 2025: उज्जवल प्रदेश डेस्क. झारखंड सरकार ने शिक्षकों की बंपर भर्ती की घोषणा कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया में 60,000 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। खास बात यह है कि बिना CTET वाले भी आवेदन कर सकते हैं। यह घोषणा झारखंड के स्कूल शिक्षा और साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन ने गोलमुरी में उटकल समाज के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान की। इस भर्ती से राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर किया जाएगा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से होगी
- झारखंड सरकार इस भर्ती को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। इसमें विभिन्न शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी:
- 26,000 शिक्षक झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के माध्यम से चुने जाएंगे।
- 10,000 शिक्षक विशेष रूप से क्षेत्रीय भाषाओं के लिए नियुक्त किए जाएंगे।
- 25,000-26,000 शिक्षक अन्य शैक्षिक आवश्यकताओं के आधार पर नियुक्त किए जाएंगे।
क्षेत्रीय और जनजातीय भाषाओं को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार, राज्य सरकार स्कूलों में जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं को प्राथमिकता दे रही है। इस उद्देश्य से पाठ्यक्रम में इन भाषाओं को जोड़ा जाएगा। सरकार ने इसके लिए एक विशेष अध्ययन दल को पश्चिम बंगाल और ओडिशा भेजा है, ताकि वहां के भाषा शिक्षा मॉडल का आकलन किया जा सके और झारखंड में इसे लागू किया जा सके।
शिक्षक-छात्र अनुपात में होगा सुधार
- राज्य सरकार ने शिक्षक-छात्र अनुपात को संतुलित करने के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
- प्रत्येक 10-30 छात्रों के लिए एक शिक्षक नियुक्त किया जाएगा।
- यदि किसी कक्षा में 30 से अधिक छात्र हैं, तो वहां दो शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश: JTET-योग्य उम्मीदवारों को प्राथमिकता
झारखंड सहायक शिक्षक भर्ती 2025 को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट के अनुसार, केवल JTET- योग्य उम्मीदवार ही इस भर्ती में आवेदन कर सकते हैं। यह फैसला झारखंड उच्च न्यायालय के उस आदेश के खिलाफ आया है, जिसमें CTET और अन्य राज्यों के TET धारकों को भी आवेदन करने की अनुमति दी गई थी।