Google Maps में जुड़े नए फीचर्स, अब रास्ता चुनना होगा आसान

नई दिल्ली
गूगल मैप्स ने ऐप के लिए नए फीचर्स ऐड किए हैं। अब यूजर जिस मार्ग पर जा रहा है गूगल मैप्स उसे वहां का एलिवेशन चार्ट दिखाएगा। इससे यह जानना आसान हो जाएगा कि रास्ते पर कितनी चढ़ाई है और कितना सीधा रास्ता है। हालांकि, यह फीचर फिलहाल आईओएस गूगल मैप्स यूजर्स के लिए ही उपलब्ध है।
एलिवेशन चार्ट की मदद से यूजर को यह जानने में आसानी होगी कि वह जिस रास्ते पर जा रहे हैं वहां वॉक करना या साइकलिंग करना कितना आसान या मुश्किल होगा। जो लोग ज्यादा कैलरीज बर्न करना चाह रहे हैं, उनके लिए ऊंचाई वाले रास्ते पर साइकलिंग करना बेहतर होता है ऐसे में सही रूट चुनने में गूगल मैप अब ज्यादा अच्छे से उनकी मदद कर सकेगा। ऐपल वॉच यूजर्स ऐप को वॉच से सिंक भी कर सकते हैं।
गूगल के नए अपडेट के साथ ऐप में इवेंट्स सेक्शन भी जुड़ गया है। इससे यूजर्स आसपास के इलाके में हो रहे मूवी, शो और कॉन्सर्ट इवेंट की जानकारी आसानी से पा सकेंगे। हालांकि, यह फीचर फिलहाल कुछ क्षेत्रों तक ही सीमित है।
Google Maps
गूगल मैप्स ऐप में एक और नया फीचर जोड़ सकता है। माना जा रहा है कम्यूट (Commute) नाम का यह नया फीचर ड्राइविंग और ट्रांसिट टैब्स की जगह लेगा। कम्यूट पर टैप करने पर गूगल मैप यूजर्स को दो ऑप्शन 'टू वर्क' और 'टू होम' दिखाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो गूगल का यूजर इंटरफेस का इस्तेमाल कर यूजर को घर और ऑफिस जाने के लिए रास्ते का सुझाव देगा। अगर इस रास्ते पर नहीं जाना है तो गूगल मैप के ऐप में नीचे की ओर एक अन्य ऑप्शन भी दिया जाएगा जिससे यूजर दूसरा रास्ता चुन सकेगा।
यूजर को कम्यूट ऑप्शन गूगल मैप्स के मेन्यू बार में मिलेगा। हालांकि, यहां यह बात जानना जरूरी है कि यह फीचर सीमित है और सिर्फ सिलेक्टिड यूजर्स के लिए अवेलेबल है। सूत्रों की मानें तो इस फीचर को गूगल जल्द ही सभी यूजर्स को उपलब्ध करवाएगा।