प्रदेश पंचायत चुनाव में 690 सरपंच और दो लाख 27 हजार 41 पंच निर्विरोध निर्वाचित

भोपाल
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निर्विरोध निर्वाचन बढ़ रहा है। 690 सरपंच और दो लाख 27 हजार 41 पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। जनपद पंचायत के सदस्य पद के लिए भी यही स्थिति बनी है। दरअसल, पंचायत चुनाव में आपसी बुराइयां बहुत हो जाती हैं। इसका असर ग्राम के माहौल के साथ विकास पर भी पड़ता है। इस बार पंचायत चुनाव में यह स्थिति न बने, इसके लिए शिवराज सरकार ने निर्विरोध निर्वाचन को बढ़ावा देने के प्रयास किए। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए और ग्रामीणों ने निर्विरोध निर्वाचन के जरिये सुशासन और विकास का रास्ता चुना है।

प्रदेश में आठ साल बाद त्रिस्तरीय (ग्राम, जनपद और जिला) पंचायत के चुनाव हो रहे हैं। 22 हजार 921 ग्राम पंचायतों में तीन लाख 63 हजार 726 पंच के पद हैं। राज्य निर्वाचन आयोग को अब तक मिली जानकारी के अनुसार दो लाख 27 हजार 41 पंच पदों के लिए निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। यह संख्या 2014-15 के चुनाव में दो लाख 29 हजार 250 थी। वहीं, 632 सरपंच पिछले चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए थे, जो इस बार बढ़कर 690 हो गए हैं।

इसी तरह 157 जनपद(ब्लाक) पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। जबकि, यह संख्या पिछले चुनाव में 99 ही थी। दरअसल, प्रदेश में निर्विरोध निर्वाचन इसलिए भी बढ़ रहा है क्योंकि विकास को लेकर माहौल बना है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में यदि निर्विरोध निर्वाचन से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि गांव को मिलती है तो फिर उसका लाभ क्यों न उठाया जाए, यह विचार तेजी से बढ़ रहा है।

यही कारण है कि इस बार निर्विरोध निर्वाचित होने वाले सरपंचों की संख्या बढ़ी है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पंचायतराज की मूल भावना सबको साथ लेकर ग्राम का सर्वांगीण विकास करना है। इसमें निर्विरोध निर्वाचन बड़ी भूमिका निभाता है। जिन पदों के लिए नामांकन पत्र जमा नहीं हुए हैं, वहां आयोग नियमानुसार छह माह में चुनाव कराएगा।

निर्विरोध निर्वाचन वाली पंचायतें होंगी पुरस्कृत

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्विरोध होने वाली समरस पंचायतों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। ऐसे ग्राम पंचायत, जिसके सरपंच निर्विरोध निर्वाचित होते हैं, उन्हें पांच लाख रुपये की राशि दी जाएगी। सरपंच पद पर पिछला और वर्तमान चुनाव निर्विरोध हुआ है तो सात लाख, सरपंच और सभी पंच निर्विरोध निर्वाचित होने वाली पंचायत को सात लाख, सरपंच तथा सभी पंच महिलाएं चुनी जाती हैं तो 12 लाख रुपये और यदि निर्विरोध निर्वाचन होता है तो 15 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button