आजादी के अमृत महोत्सव में पूरा मध्यप्रदेश हुआ योगमय

भोपाल

8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समाचार

    आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत इस वर्ष 8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की, वही केन्द्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश के मंत्रीगण भी विभिन्न जिलों में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायतों में भी छात्र-छात्राओं, ग्रामीणजन, महिला स्व-सहायता समूह सहित मनरेगा के श्रमिकों ने कार्य स्थल और अमृत सरोवर के तटों पर सामूहिक योग किया। प्रदेश के पुरातत्व और पर्यटन स्थलों पर भी जन-प्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने मानवता के लिये योग थीम पर योगाभ्यास किया।

     मुरैना जिले के प्रसिद्ध पुरातत्व स्थल बटेश्वर मंदिर समूह में केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नर्मदा नदी के उद्गम स्थल अमरकंटक में केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, ग्वालियर किले के पुरातत्व स्थल पर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विश्व प्रसिद्ध साँची के बौद्ध विहार में केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग राज्य मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा योग-सत्र में शामिल हुए।

अमृत सरोवर के तट पर हुए योग के विशेष-सत्र

     प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान मध्यप्रदेश में निर्मित हो रहे अमृत सरोवरों के तटों पर भी योग के विशेष-सत्र हुए। इनमें सरोवर के निर्माण में लगे श्रमिक, ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधियों ने मिल कर योग साधना की। इसी प्रकार आँगनवाड़ी केन्द्रों में भी योग-सत्र हुए।

 धूपगढ़ की पहाड़ी पर हुई योग साधना

     सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर ब्रह्म मुहूर्त में योग के आयोजन शुरू हुए। धूपगढ़ की पहाड़ी के मनोरम स्थल पर पर्यटक, नागरिक एवं स्कूली बच्चों के साथ जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सैलानियों ने भी बढ़-चढ़ कर उत्साह के साथ योग किया। पचमढ़ी में ही बायसन लाज परिसर में भी योग का आयोजन हुआ, जिसमें आयुष विभाग, साडा पचमढ़ी, पर्यटन विकास निगम और पचमढ़ी के स्थानीय नागरिक तथा सैलानियों ने प्रात:काल योग किया। इटारसी के तिलक सिंदूर, सिवनी मालवा के आंवलीघाट, नर्मदापुरम के पावन सेठानी घाट एवं बांद्राभान में भी योग-सत्र हुए, जिनमें  योगाचार्यों द्वारा प्रकृति के करीब नागरिकों को योग साधना कराई गई।

स्कूल और कॉलेजों में भी हुआ योग

     स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रदेश के सभी स्कूलों में भी सामूहिक योग के आयोजन हुए। साथ ही महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों ने योग साधना की। स्काउट, गाइड, एनसीसी, एनएसएस के युवाओं और शिक्षकों ने भी योग-सत्रों में सहभागिता की। सभी जिलों में सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों ने भी योग कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई। जन अभियान परिषद के सदस्यों ने भी जिला, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर नागरिकों को जोड़ते हुए योग-सत्र करवाये।

मुख्यमंत्री चौहान ने दिलवाया संकल्प

     मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशवासियों को योग के प्रति प्रोत्साहित करते हुए उन्हें प्रतिदिन योग करने का संकल्प दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग करने से न केवल मन प्रसन्न रहता है,बल्कि शरीर सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है और व्यक्ति के कार्य करने की क्षमता भी बढ़ जाती है। मेरा सभी से आहवान है कि योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाये। सिर्फ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ही नहीं, प्रतिदिन योग करने के लिये समय निकालें।

 

Show More

Related Articles

Back to top button