शिमला-मसूरी से भी सर्द रही दिल्ली1.8°C दर्ज किया गया तापमान, कल से सुधरेंगे हालात

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन 5 से 7 जनवरी तक राजधानी के कुछ इलाकों में शीत लहर का प्रकोप बना रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है। शीत लहर के साथ कोहरा भी परेशान करेगा।

नईदिल्ली

राजधानी दिल्ली कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। सर्दी इतनी पड़ रही है कि दिल्ली का तापमान पर्वतीय इलाकों शिमला एवं मसूरी से भी कम हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे में सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दिल्ली के रिज एवं आयानगर केंद्र पर 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यही नहीं, गुरुवार को कई जगहों पर पारा लुढ़कर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बीते दो सालों में यह दिल्ली का सबसे न्यूनतम तापमान है। कोहरे की वजह से दृश्यता गुरुवार को घटकर 50 मीटर रह गई।

दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री तक गिरा। इस मौसम में यह सबसे सर्द सुबह रही। मौसम विभाग (IMD) ने जो ताजा अपडेट जारी किया है उसके मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक भीषण शीत लहर चलने वाली है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि मैदानी इलाकों में चल रही हवाओं के कारण अभी कई राज्यों में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए मध्य प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरा का अनुमान लगाया है। अगले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के कई इलाकों में पाला पड़ने की स्थिति बनती दिख रही है। वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर को लेकर स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसके अलावा जम्मू संभाग, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी।

मौसम विभाग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अफगानिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ देखा गया है। इसके प्रभाव में सात से नौ जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर भारी बर्फबारी होने की संभावना है। इसी दौरान मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र तक में हल्की बारिश की संभावना है।

पहाड़ों से आ रहीं बर्फीली हवाएं

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते दिल्ली में जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। रात के समय सड़कों पर गतिविधियां काफी कम हो गई हैं। लोग जगह-जगह आग जलाकर सर्दी भगा रहे हैं। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पहाड़ों पर नए साल तक जो बर्फबारी हुई है, उत्तर पश्चिमी हवाओं के जरिये उसी की ठंडक दिल्ली को सर्द बना रही है। अभी दो दिन और ऐसी ही शीत लहर व कोल्ड डे वाली स्थिति बनी रहेगी।

Show More
Back to top button
Join Our Whatsapp Group