Budget 2023: निर्मला सीतारमण लगातर पांच बार बजट पेश करने वाली छठी वित्त मंत्री बनीं , हर साल अलग रंग की साड़ी में आईं नजर

वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण लगातार 5वीं बार बजट पेश करने वाली छठी वित्त मंत्री बन गई है। वहीं, हर बार उन्होंने अलग-अलग रंग की साड़ी पहनकर भी बजट पेश किया।

नईदिल्ली
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जैसे ही संसद में अपना बजट भाषण शुरू किया उन्होंने अपना नाम देश के चुनिंदा वित्त मंत्रियों की लिस्ट में शामिल करा लिया। वर्ष 2019 से लगातार बजट पेश कर रहीं निर्मला सीतारमण लगातार पांच बार बजट पेश करने वाली देश की छठी वित्त मंत्री बन गई हैं। इससे पहले अरुण जेटली, पी चिदंबरम, यशवंत सिन्हा, डॉ मनमोहन सिंह और मोरारजी देसाई के नाम यह उपलब्धि दर्ज हो चुकी है। इन पांच वर्षों में वित्तमंत्री ने अलग-अलग कलर की साड़ी पहनकर बजट पेश किया है। ऐसे में हम बताते हैं कि उन्होंने कब कौन सी रंग की साड़ी पहनकर बजट पेश किया था….

सीतारमण बजट पेश करने के लिए बुधवार को बही-खाते के समान पारंपरिक लाल रंग के बैग में टैबलेट लेकर संसद भवन पहुंचीं। सीतारमण ने अधिकारियों की अपनी टीम के साथ वित्त मंत्रालय के बाहर परंपरागत अंदाज में तस्वीरें खिंचवाईं। उनके हाथ में सामान्य ब्रीफकेस न होकर लाल रंग के बैग में टैबलेट था। डिजिटल बजट को अपने भीतर समेटे हुए इस लाल कपड़े के ऊपर सुनहरे रंग का राष्ट्रीय प्रतीक-चिह्न अशोक स्तंभ भी अंकित था। इससे पहले वित्त मंत्री बजट को लाल रंग के ब्रीफकेस में रखकर संसद भवन ले जाते थे। लेकिन वर्ष 2019 में वित्त मंत्री बनने के बाद से सीतारमण ने ब्रीफकेस की जगह भारतीय परंपरा के अनुरूप बही-खाते की शक्ल में लाल कपड़े में लिपटे बजट को पेश करना शुरू कर दिया।

वर्ष 2014 में मोदी सरकार के गठन के बाद अरुण जेटली वित्त मंत्री बने थे और 2018 तक उन्होंने लगातार पांच बार बजट पेश किया। अरुण जेटली ने इसमें एक बदलाव किया और औपनिवेशिक काल की परंपरा को खत्म करते हुए 1 फरवरी को बजट पेश करना शुरू किया। इससे पहले फरवरी के अंतिम कार्यदिवस को आम बजट पेश करने की परंपरा थी। जेटली के खराब स्वास्थ्य की वजह से पीयूष गोयल ने 2019-20 का अंतरिम बजट पेश किया था। 2019 में मोदी सरकार दोबारा बनने के बाद निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री बनाई गई थीं। सीतारमण के नाम 2019 में एक रिकॉर्ड दर्ज हुआ था। इंदिरा गांधी के बाद वह दूसरी महिला बन गई थीं, जिसने आम बजट पेश किया हो। इंदिरा गांधी ने 1970-71 में आम बजट पेश किया था।

इससे पहले निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। संसद भवन जाने से पहले सीतारमण अपने राज्यमंत्रियों भागवत किशनराव कराड कराड और पंकज चौधरी के साथ राष्ट्रपति भवन पहुंची।

Show More

Related Articles

Back to top button