नक्सलियों ने जगरगुंडा बाजार में तैनात जवानों पर चाकू से किया हमला, लूटे हथियार, 2 जवान गंभीर रूप से घायल

सुकमा

जिले के घुर नक्सल प्रभावित जगरगुंडा साप्ताहिक बाजार में तैनात 2 जवानों करतम देवा और सोढ़ी कन्ना पर नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने चाकू से वार किया है। जिससे दोनो जवान गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायल जवानों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए जगरगुंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद दहशत में आए स्थानीय लोग बाजार से भागने लगे। नक्सली हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हमलावर नक्सलियों की पहचान करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने इसकी पुष्टि की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज रविवार को जगरगुंडा का साप्ताहिक बाजार भरा है। जवान बाजार ड्यूटी पर निकले हुए थे, इसी बीच नक्सलियों की एक स्मॉल एक्शन टीम ग्रामीण वेशभूषा में पहले से ही बाजार में घात लगाकर बैठी हुई थी। जवान जब बाजार ड्यूटी के लिए पहुंचे तो नक्सलियों ने करतम देवा और सोढ़ी कन्ना पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इनके हथियार भी नक्सलियों ने लूट लिए हैं। हमला कर भीड़ में शामिल होकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि साथी जवान मौके से दोनों घायलों को अस्पताल लेकर आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एयरलिफ्ट कर रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है।

Ramesh Kumar Shaky

रमेश कुमार शाक्य एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास 22 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अपने करियर के दौरान, उन्होंने कई प्रतिष्ठित समाचार संगठनों के साथ काम किया और… More »

Related Articles

Back to top button