MP Election 2023 : खेल के मैदान में वोटों का खेल खेलेगी भाजपा

MP Election 2023 : भाजपा एक-एक वर्ग में पैठ बनाने की दिशा में काम कर रही है। पार्टी आगामी मार्च-23 में पूरे प्रदेश से दो लाख खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति में भोपाल में खेल महाकुंभ का आयोजन कर रही है।

MP Election 2023 : उज्जवल प्रदेश, जबलपुर. मिशन-2023 की तैयारियों में जुटी भाजपा एक-एक वर्ग में पैठ बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसी दिशा में पार्टी आगामी मार्च-23 में पूरे प्रदेश से दो लाख खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति में भोपाल में खेल महाकुंभ का आयोजन कर रही है।

इस विशाल क्रीड़ा कुंभ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया जा रहा है। इस कार्ययोजना की जिम्मेदारी पार्टी ने खेल प्रकोष्ठ को सौंपी है। तैयारियों के तहत खेल प्रकोष्ठ की संभाग स्तरीय बैठकें शुरू हो गर्इं हैं। अभी तक इंदौर, रीवा और जबलपुर संभाग की बैठकें हो चुकीं हैं, एवं जल्द ही भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम की बैठक होने वाली हैं।

गांव से शहर तक खेल

तय कार्यक्रम के तहत पार्टी 14 खेलों पर फोकस कर रही है। इन सभी की प्रतियोगिताएं इसी माह शुरू होंगी। मंडल से ब्लॉक, ब्लाक से जिला, जिला से संभाग और संभाग से प्रदेश की खेल टीम बनेंगी। सभी 14 खेलों का फाइनल भोपाल में होगा। तथा समापन कार्यक्रम में प्रदेश भर के प्रतिभागियों और खेल प्रेमियों का जमावड़ा भोपाल में होगा।

अब तक का सबसे बड़ा आयोजन

भाजपा की प्लानिंग है कि इस इवेंट को प्रदेश में हुए अब तक के सबसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट के नाम से जाना जाये। इससे पूर्व पार्टी हर जिले में सांसद खेल महोत्सव और फिर प्रदेश स्तरीय खजुराहो खेल महोत्सव आयोजित कर चुकी है। आयोजन में प्रदेश के अजा-जजा, पिछड़ा, तथा दिव्यांगों के लिए भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

दो लाख खिलाड़ियों का लक्ष्य

भोपाल में होने वाले आयोजन में दो लाख खिलाड़ियों और युवाओं का एकत्रीकरण करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है। भाजपा खेल प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों का मानना है कि ये लक्ष्य मुश्किल जरूर है, पर असंभव नहीं। क्योंकि खजुराहो खेल महोत्सव में मात्र 12 दिन की तैयारियों और कोरोना भय के बाद भी 17 हजार खिलाड़ियों का एकत्रीकरण हुआ था।

Related Articles

Back to top button