मुरलीधर राव बोले – सुघोष प्रशिक्षण से प्रत्येक बूथ पर सोशल मीडिया आईटी के प्रशिक्षित कार्यकर्ता हो रहे तैयार

Muralidhar Rao : प्रत्येक बूथ पर आईटी एवं सोशल मीडिया का कार्य करने वाले 2 कार्यकर्ता प्रशिक्षित हो, इसके लिए आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग का सुघोष अभियान बूथ स्तर तक चल रहा है।

उज्जवल प्रदेश, भोपाल. भारतीय जनता पार्टी देश के सभी राजनैतिक दलों से एक अलग दल है, क्योंकि हमारे यहां कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने की एक पद्धति है। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से हमारे यहां कार्यकर्ता प्रशिक्षित होकर राष्ट्रसेवा का कार्य करता है।

प्रत्येक बूथ पर आईटी एवं सोशल मीडिया का कार्य करने वाले 2 कार्यकर्ता प्रशिक्षित हो, इसके लिए आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग का सुघोष अभियान बूथ स्तर तक चल रहा है। इस अभियान से प्रशिक्षित होकर कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने सोमवार को भोपाल ग्रामीण के बैरसिया में संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कही।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव सोमवार को भोपाल ग्रामीण जिले के संगठनात्मक प्रवास पर थे। राव ने ग्रामीण जिले के बैरसिया में जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष की बैठक को संबोधित कर विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।

राव ने कहा कि आज का युग डिजिटल है। इसमें सोशल मीडिया जनता तक अपनी बात पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है। राजनैतिक दल होने के नाते हम संवाद के सभी आयामों का बेहतर उपयोग करें, इसके लिए यह आवश्यक है कि हम प्रवास के माध्यम से जितना अधिक जमीनी संपर्क रखते हैं, उतना ही वर्तमान परिदृश्य के अनुसार सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहें।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अलग अलग श्रेणी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण वर्ग आयोजित कर रही है। सोशल मीडिया पर भी प्रत्येक बूथ पर हमारे 2 कार्यकर्ता प्रशिक्षित हो, इसके लिए सुघोष प्रशिक्षण अभियान चल रहा है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से प्रत्येक मंडल में नियमित बैठकें आयोजित करने की बात कही। बैठक में कौशल विकास निर्माण बोर्ड के अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, जिलाध्यक्ष केदार सिंह मंडलोई सहित जिले के वरिष्ठ नेतागण मौजूद थे।

Back to top button