CG News : डिप्टी CM बनने के बाद सिंहदेव का भूपेश बघेल के साथ पहला दौरा
CG News : टीएस सिंहदेव के क्षेत्र में आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जाएंगे। करीब साढ़े चार साल बाद सरगुजा में जय-वीरू की जोड़ी एक साथ कार्यकर्ताओं के बीच नजर आएगी।

Latest CG News : उज्जवल प्रदेश, अंबिकापुर . डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के क्षेत्र में आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जाएंगे। जहां सिंहदेव और भूपेश बघेल एक साथ मंच पर दिखाई देंगे। करीब साढ़े चार साल बाद सरगुजा में जय-वीरू की जोड़ी एक साथ कार्यकर्ताओं के बीच नजर आएगी। अंबिकापुर में आज करोड़ों के विकासकार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।
भूपेश बघेल रायपुर से सुबह 11.30 बजे रवाना होकर दोपहर 12.10 बजे मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा, सरगुजा पहुंचेंगे। यहां मुख्यालय अंबिकापुर में मेडिकल कॉलेज भवन का लोकार्पण करेंगे। जिसकी कुल लागत 374.08 करोड़ रुपए है। इस मेडिकल कॉलेज की खासियत है कि यहां मेडिकल स्टूडेंट्स के कौशल और दक्षता विकास के लिए स्किल्स लैब और बहरेपन के परीक्षण और इलाज की विशेष सुविधा मौजूद है।
भूपेश बघेल अंबिकापुर में क्या कुछ करेंगे
- अंबिकापुर में भूपेश बघेल देवेंद्र कुमारी सिंहदेव मेडिकल कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे कांग्रेस के बूथ चलो अभियान में शामिल होंगे।
- मुख्यमंत्री कलेक्टरेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति का अनावरण करेंगे, और गांधी स्टेडियम ग्राउंड में विकासकार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
- अंबिकापुर शहरी और ग्रामीण ब्लाक कमेटी के अंतर्गत आने वाले बूथ कार्यकर्ताओं को राजमोहिनी देवी भवन में संबोधित करेंगे।
- यहां से वे लखनपुर और उदयपुर ब्लाक कमेटी अंतर्गत आने वाले बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल होंगे।
कार्यकर्ताओं से होगी सीधी बात
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर के बूथ चलो अभियान का प्रभारी भी बनाया गया है। बतौर प्रभारी वे दोपहर बाद राजमोहिनी देवी भवन में अंबिकापुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बूथ कार्यकर्ताओं से सीधी बातचीत करेंगे।
- इसके बाद लखनपुर हेलीकाप्टर से रवाना होंगे जहां लखनपुर, उदयपुर ब्लाक के बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान टीएस सिंहदेव भी उनके साथ रहेंगे। लखनपुर से हेलीकाप्टर द्वारा वे दरिमा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से विशेष विमान द्वारा रायपुर रवाना होंगे।