MP News : CM महाशिवरात्रि पर उज्जैनमें सपरिवार दीप जलाएंगे, टूटेंगे अयोध्या के रिकॉर्ड

Latest MP News : उज्जैन नगर निगम ने इसके लिए 1 करोड़ 81 लाख रुपए के टेंडर दिए हैं। इस खर्च से तेल, दीप, बत्ती, कपूर, माचिस, आदि खरीदे जाएंगे। महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर के साथ शुरू हो चुकी हैं।

Latest MP News : उज्जवल प्रदेश, उज्जैन. महाशिवरात्रि पर उज्जैन में शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम होगा। महाशिवरात्रि 18 फरवरी को मनाई जाएगी। इस दिन उज्जैन को 21 लाख दीपों से जगमग किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मैं भी परिवार के साथ आकर दीप जलाऊंगा। उज्जैन के लोगों से आह्वान करते हुए कहा, आप भी अपने परिवार के साथ दीप जलाएं । बाबा महाकाल की नगरी और मध्यप्रदेश के वैभव को बढ़ाएं। बता दें, पिछले साल भी महाशिवरात्रि पर दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ था। 11 लाख 71 हजार से अधिक दीप जलाए गए थे।

20 हजार वॉलियंटर शामिल

उज्जैन में यह रिकॉर्ड महाशिवरात्रि के दिन बनाया जाएगा। इस दिन उज्जैन में शिव ज्योति महोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव में 21 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में यह दर्ज कराने के लिए एमपी के कुल 20 हजार वॉलियंटर इस महोत्सव में जुटे हुए हैं।

क्या रहेगा खास?

इस महोत्सव में सामाजिक संगठन, छात्र, व्यापारी, जन प्रतिनिधि, निजी संस्था और आम लोगों की मदद ली जाएगी। उज्जैन शहर महाशिवरात्रि के दिन दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा। उज्जैन के चौराहों और पार्कों की सजावट की जाएगी। साथ ही जगह-जगह इस पूरे कार्यक्रम का लाइव टेलिकास्ट भी किया जाएगा।

1 करोड़ 81 लाख का टेंडर

उज्जैन नगर निगम ने इसके लिए 1 करोड़ 81 लाख रुपए के टेंडर दिए हैं। इस खर्च से तेल, दीप, बत्ती, कपूर, माचिस, आदि खरीदे जाएंगे। महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर के साथ शुरू हो चुकी हैं। शिप्रा नदी के घाटों की साफ-सफाई की जा रही है। घाटों की धुलाई करके उनकी सफाई की जा रही है।

उज्जैन, अयोध्या और फिर उज्जैन

बता दें कि एक साथ सबसे अधिक दीए प्रज्वलित करने का रिकॉर्ड सबसे पहले उज्जैन ने ही बनाया था। पिछले साल महाशिवरात्रि के दिन उज्जैन में 11 लाख 71 हजार दीप प्रज्वलित किए गए थे। इसके बाद उज्जैन का यह रिकॉर्ड अयोध्या ने तोड़ा। दीपावली के दिन अयोध्या में 15 लाख 76 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। अब फिर से उज्जैन रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुट गया है। इस महाशिवरात्रि पर उज्जैन में 21 लाख दीए प्रज्वलित कर विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा।

रिकॉर्ड बनाने के लिए क्या-क्या जरूरी?

इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए कुल 20 हजार वॉलियंटर लगे हुए हैं। 21 लाख दीप प्रज्वलित करने के लिए कुल 50 हजार लीटर तेल के खपत की संभावना है। इसके साथ 25 लाख रुई की बत्ती, 600 किलो कपूर और माचिस लगेगा। रिकॉर्ड बनाने में कुल 1 करोड़ 81 लाख रुपए खर्च होंगे। उज्जैन नगर निगम ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।

Related Articles

Back to top button