MP Budget 2023 News : चुनावी साल में जनता पर कोई नया कर नहीं, 1 लाख सरकारी नौकरियों का ऐलान

MP Budget 2023 News : जगदीश देवड़ा विधानसभा में बजट पेश कर रहे हैं। खास बात यह है कि मप्र में पहली बार ई-बजट (पेपरलेस) बजट आया है। विपक्ष के हंगामे के बीच वित्त मंत्री इसे टैबलेट पर पढ़ रहे हैं। मंत्रियों और विधायकों को भी टैबलेट दिए गए हैं, जिसमें भाषण और पूरा बजट है। यह शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का अंतिम बजट है।

Latest MP Budget 2023 News :उज्जवल प्रदेश, भोपाल. मध्यप्रदेश की विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी की शिवराज सिंह चौहान सरकार द्वारा बजट प्रस्तुत किया गया। यह बजट वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए है। हम यहां पर मध्य प्रदेश बजट 2023 की महत्वपूर्ण बातों का उल्लेख कर रहे हैं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा विधानसभा में बजट पेश कर रहे हैं। खास बात यह है कि मप्र में पहली बार ई-बजट (पेपरलेस) बजट आया है।

विपक्ष के हंगामे के बीच वित्त मंत्री इसे टैबलेट पर पढ़ रहे हैं। मंत्रियों और विधायकों को भी टैबलेट दिए गए हैं, जिसमें भाषण और पूरा बजट है। यह शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का अंतिम बजट है। ये बजट लगभग 3.20 लाख करोड़ रुपए का है। वित्त मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता पर कोई नया कर नहीं होगा।

बजट भाषण के बीच गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, वे कहते हैं कि महिलाओं को 1000 रु. देंगे, लेकिन गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए। हंगामे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष से अनुरोध करते हुए कहा, बजट भाषण पूरा प्रदेश सुनना चाहता है।

सदन के बाहर कमलनाथ बोले- मुझे कई बजट सुनने का मौका मिला। लेकिन, 50 रुपए सिलेंडर के दाम बढ़ाने की मंहगाई मिली। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- राज्य सरकार ने सिलेंडर पर दाम नहीं बढ़ाए। आपके नेता दिल्ली में बोल नहीं पाते क्या? वित्त मंत्री बोले- कपडे़ फाड़ने का काम मत करो।

23 साल में 20 गुना बढ़ा बजट

प्रदेश में पिछले 23 साल में बजट में 20 गुना वृद्धि हुई है। 2000 में मध्यप्रदेश सरकार ने 16 हजार करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया था। 2022 में सरकार ने 2.79 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया।

वित्त मंत्री के बजट भाषण की खास बातें …किसे-क्या मिला

  • MBBS सीट 2 हजार 55 से बढ़ाकर 3 हजार 605 की जाएंगी। पोस्टग्रेजुएट कोर्स के लिए 649 सीट्स बढ़कर 915 होंगी।
  • नवीन मुख्यमंत्री बालिका स्कूटी योजना के तहत 12वीं क्लास फर्स्ट डिविजन से पास करने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी दी जाएगी।
  • बकायादार किसानों के सरकारी संस्थानों से लिए गए कर्ज का ब्याज सरकार भरेगी।
  • नर्सिंग कॉलेज योजना से मेडिकल कॉलेजिस में 810 बीएससी नर्सिंग, 300 पोस्ट बेसिक नर्सिंग की एक्स्ट्रा सीट्स होंगी।
  • सीएम सनराइज स्कूलों के लिए 3 हजार 230 करोड़ रु. का बजट।
  • 25 चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए 400 करोड़ रु. का प्रावधान।
  • प्रदेश में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएंगी। रोजगार के लिए 200 युवाओं को जापान भी भेजा जाएगा।
  • खेल विभाग का बजट बढ़ाया। खेलों के विकास के लिए 738 करोड़ रु.।
  • मध्यप्रदेश के धार्मिक स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी।
  • लाडली लक्ष्मी योजना के लिए 929 करोड़ रु., महिला स्व सहायता समूहों के लिए 660 करोड़ रु. देंगे।
  • नारी कल्याण के लिए 1.2 लाख 976 करोड़ रु., लाडली बहना योजना के लिए 8 हजार करोड़ रु.। ‘लाडली बहना’ के तहत महिलाओं को 1 हजार रु./महीना दिया जाएगा।
  • प्रसूति सहायता योजना में 400 करोड़ का प्रावधान किया है।
  • आहार अनुदान योजना के लिए 300 करोड़ रु.। इसके तहत बैगा, भारिया, सहरिया जनतीय महिलाओं को 1 हजार रु./महीना दिया जाएगा।
  • इंदौर और भोपाल में मेट्रो रेल के लिए 710 करोड़ रु. का बजट।
  • सलकनपुर में श्रीदेवी महालोक, सागर में संत रविदास स्मारक, ओरछा में रामराजा लोक, चित्रकूट में दिव्य वनवासी राम लोक को डेवलप किया जाएगा। इसके लिए 358 करोड़ रु. का बजट है।
  • नगरीय निकायों को 842 करोड़ रु., नगरीय विकास के लिए 14 हजार 82 करोड़ रु., स्थानीय निकायों को 3 हजार 83 करोड़ रु.।
  • भोपाल में संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क बनेगा। इसमें हर साल 6 हजार लोगों को ट्रेनिंग दी जाएगी। ग्वालियर, जबलपुर, सागर और रीवा में भी स्किल सेंटर शुरू किए जाएंगे।
  • कुल व्यय के लिए 2022-23 का बजट अनुमान 2 लाख 47 हजार 715 करोड़ रु. है। इसे 33 हजार 839 करोड़ बढ़ाकर 2023-24 के लिए 2 लाख 81 हजार 554 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है।
  • देश के सकल घरेलू उत्पाद में हमारे प्रदेश का योगदान 3.6 % से बढ़कर अब 4.8 % हो चुका है।
  • 2011-12 में प्रति व्यक्ति आय 30 हजार 497 रु. थी, अब 2022-23 में साढ़े तीन गुना तक बढ़कर 1 लाख 40 हजार 585 रु. हो गई है।
  • लाडली बहना योजना के लिए 8000 करोड़ रुपए का प्रावधान। इस योजना के तहत निर्धन परिवार की विवाहित महिलाओं को ₹1000 महीना गरीबी भत्ता दिया जाएगा।
  • वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने दिनांक 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक 1 लाख सरकारी नौकरियों के प्रावधान की घोषणा की।
  • बजट में खेलों के लिए 738 करोड़ का प्रावधान किया गया है। यह पिछले बजट की तुलना में ढाई गुना अधिक है।
  • महिला स्व सहायता समूह के लिए 660 करोड़ रूपये का प्रावधान।
  • मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के लिए 1000 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
  • 900 नए सीएम राइज स्कूल खोले जाएंगे।
  • लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए ₹ 929 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है।
  • स्कूलों में अच्छे अंक लाने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी दी जाएगी।
  • 6 इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कालेजों में हिंदी माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी।
  • राज्य में 22 नए इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित किये जायेंगे।
  • स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली बिल मिलेंगे।
  • प्रदेश में मिलेट (गेहूं और चावल के अलावा खड़े अनाज) मिशन की शुरूआत होगी।
  • 467 करोड़ मातृत्व वंदना योजना के लिए प्रस्तावित।
  • फूलों की खेती को दिया बढ़ावा जाएगा।
  • मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लिए 3 हजार 200 करोड़।
  • 300 गौशालाओं का निर्माण कराया जाएगा।
  • PM ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 4000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। 10182 करोड़ का प्रावधान।
  • बजट में किसी नए कर का प्रस्ताव नहीं।
  • संपत्ति की रजिस्ट्री में छूट दी जा रही है।

महाकाल के आह्वान से शुरुआत, चाणक्य का सूत्र भी पढ़ा

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट भाषण से पहले महाकाल का आह्वान किया। कहा- भारत मध्ये स्वयंभू ज्योतिर्लिंग यजामहे, हे पारब्रह्म शिव शंभू दयामहे…, जय श्री महाकाल, जय-जय श्री महाकाल। उन्होंने कहा- हमारी सरकार हर वर्ग को विकास की धारा में जोड़ने के प्रयास कर रही है। सरकार की विशेषता बताते हुए कहा- हिमगिरी सा श्वेत धवल जीवन, विश्वास अटल विंध्याचल सा…। वित्त मंत्री ने चाणक्य का सूत्र भी पढ़ा- ‘सुखस्य मूलं धर्मः। धर्मस्य मूलं अर्थः। अर्थस्य मूलं राज्यं। राज्यस्य मूलं इन्द्रियजयः। इसका अर्थ है- सुख का मूल है, धर्म। धर्म का मूल है, अर्थ। अर्थ का मूल है, राज्य। राज्य का मूल है, इन्द्रियों पर विजय।

युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए नई योजनाओं का ऐलान

चुनावी साल में प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को विधानसभा में 2.25 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश करते हुए युवाओं, महिलाओं और किसानों के हित में नई योजनाएं शुरू करने का ऐलान किया है। आगामी वित्त वर्ष में 55709 करोड़ रुपए के राजकोषीय घाटे का अनुमान बजट में किया गया है। इस बजट में पिछले साल के बजट के मुकाबले 17 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। सामाजिक आर्थिक उत्थान के लिए बजट में एक लाख 60 हजार करोड़ रुपए का अनुमान है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में पेश किए गए बजट में वित्त मंत्री ने कहा कि इस बजट में कई नया कर नहीं लगाया जा रहा है। संस्थागत व्यवस्था के अंतर्गत संबल योजना के लिए बजट में 600 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं तो 25 हजार पुलिस आवास के साथ 453 थाने और पुलिस चौकी भवन की योजना पर भी काम हो रहा है। 343 भवनों का काम पूरा हो चुका है। गृह विभाग के लिए 10298 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित है जो पिछले साल से 813 करोड़ अधिक है।

ग्राम विकास के लिए सरकार ने आधारभूत संरचना निर्माण और विविध विकास के लिए स्थानीय निकायों को देने खातिर 3083 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए हैं। पीएम आवास योजना के लिए सरकार ने 8 हजार करोड़ रुपए तय किए हैं और जल जीवन मिशन के लिए 56.70 लाख ग्रामीण परिवारों को पानी पहुंचाने 7331 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए गए हैं।

स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए 2 लाख 79 हजार 223 करोड़ नवीन पात्र परिवारों के घरों में शौचालय के लिए 12789 सामुुदायिक स्वच्छता परिसर और 12743 गांवों में ठोस व अपशिष्ट तरल प्रबंधन गतिविधियां शुरू की गई हैं। मनरेगा में 3500 करोड़ रुपए मजदूरी के लिए तय किए गए हैं। ग्रामीण आजीविका मिशन में 600 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। ग्रामीण सड़कों के लिए 2526 करोड़ रुपए तय किए गए हैं। ग्राम विकास के लिए कुल 31774 करोड़ रुपए का प्रावधान प्रस्तावित है।

विधानसभा अपडेट्स…

  • सुबह 11 बजे वित्त मंत्री ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। इसी बीच कांग्रेस विधायक सदन से वॉकआउट कर गए।
  • सुबह 10.50 बजे वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा सदन में पहुंचे। इसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान भी सदन पहुंचे।
  • बजट सत्र से पहले कांग्रेस विधायक विधानसभा में गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे। दाम बढ़ने का विरोध करते हुए नारेबाजी की।
  • सुबह 9.30 बजे विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में कैबिनेट बैठक हुई। इसमें बजट भाषण को अप्रूवल दिया गया।
  • वित्त मंत्री ने कांग्रेस के लिए कहा, 10 साल दिग्विजय सिंह की सरकार रही। उस समय कर्ज लेकर वेतन भत्ते देते थे।
  • वित्त मंत्री ने कहा, बजट जनता की उम्मीदों का होगा। जनता मुस्कुराएगी। ‘लाडली बहना’ के लिए विशेष बजट है।
  • सुबह 9 बजे मध्यप्रदेश सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा अपने आवास से विधानसभा के लिए रवाना हुए।

Related Articles

Back to top button