MP News : 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरी ढाई साल की बच्ची, रेस्क्यू दल पहुंचा
MP News : बच्ची का नाम सृष्टि पिता राहुल कुशवाहा है। बोरवेल 300 फीट गहरा है। बच्ची 20 फीट नीचे फंसी हुई हैं। मौके पर पहुंची दो जेसीबी और पोकलेन की मदद से बोरवेल

Latest MP News : उज्जवल प्रदेश, सीहोर. सीहोर में ढाई साल की बच्ची बोरवेल में गिर गई। घटना मंगलवार दोपहर में मुंगावली की है। बच्ची का नाम सृष्टि पिता राहुल कुशवाहा है। बोरवेल 300 फीट गहरा है। बच्ची 20 फीट नीचे फंसी हुई हैं। मौके पर पहुंची दो जेसीबी और पोकलेन की मदद से बोरवेल से 5 फीट की दूरी पर समानांतर गड्ढा खोदा जा रहा है।

बच्ची को पाइप के जरिए ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। वहीं उसकी हलचल पर कैमरे से नजर रखी जा रही है। मौके पर एसपी मयंक अवस्थी मौजूद है। एसडीईआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी वहां मौजूद है। मुख्यमंत्री चौहान ने सीहोर में बच्ची के बोरवेल में गिरने की घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि बच्ची को निकालने के समुचित प्रयास करें। मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी सीहोर जिला प्रशासन से संपर्क में है।
जानकारी के अनुसार सृष्टि पिता राहुल कुशवाहा उम्र ढाई वर्ष खेत पर बने अपने मकान के पास खेल रही थी, जो पड़ोसी गोपाल पिता नन्नू लाल के 3 माह पहले खुदवाए गए बोर में गिर गई। घटना मंगलवार दोपहर 2:45 बजे की बताई जा रही है। बच्ची के बोरवेल मे गिरने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय से प्रशासनिक अमले सहित एनडीआरएफ की रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि सृष्टि करीब 200 फीट नीचे फंसी हुई है।
मां कंडे थोप रही थी, बच्ची खेलते-खेलते बोरवेल में जा गिरी
इस घटना के बाद बच्ची की मां रानी का बुरा हाल है। वह बार-बार गड्डे की ओर देखते हुए बेटी की सलामती के लिए दुआ कर रही है। बच्ची की मां ने बताया कि वह खेत पर बने घर में कंडे बना रही थी। वहां से चालीस-पचास फीट की दूरी पर ही बोरवेल खुला पड़ा था। उसकी बच्ची कब खेलते-खेलते जाकर बोरवेल में गिर गई, उसे पता ही नहीं चला। जब बच्ची आसपास नहीं दिखी तो रानी ने खोजबीन शुरू की। तब जाकर उसे घटना के बारे में पता चला।