भारत द्वारा घोषित सरगना ISIS Sakib Nachan का तिहाड़ में ब्रेन हैमरेज से मौत, 2023 से था जेल में बंद
ISIS Sakib Nachan: आईएसआईएस पुणे मॉड्यूल के आरोपी और पूर्व सिमी नेता साकिब नाचन की दिल्ली के तिहाड़ जेल में मौत हो गई। आखिर कौन था साकिब नाचन?

ISIS Sakib Nachan: उज्जवल प्रदेश, नई दिल्ली. प्रतिबंधित स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट इन इंडिया (SIMI) के पूर्व पदाधिकारी और पूणे आईएसआईएस मॉड्यूल केस में आरोपी साकिब नाचन की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई है। 57 साल के नाचन को ब्रेन हैमरेज हुआ था। नाचन को भारत में आतंकी संगठन ISIS का हेड बताया जाता था। महाराष्ट्र के ठाणे के पडघा के रहने वाले नाचन को चार दिन पहले दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
साल 2023 में एनआईए ने देशभर में आईएसआईएस के आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया था। इस दौरान नाचन को भी गिरफ्तार किया गया था। नाचन इस समय तिहाड़ जेल में था। 24 जून को उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उसकी हालत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने बताया कि उसे ब्रेन हैमरेज हुआ है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को उसकी हालत और बिगड़ गई। दोपहर 12 बजे के करीब नाचन की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद नाचन का शव उसके परिवार को सौंप दिया जाएगा। रविवार को पदघा के करीब ही बोरीवली गांव में उसका अंतिम संस्कार होगा।
नाचन की गिरफ्तारी के बाद एनआईए ने कहा था कि वह देश में आईएसआईएस की गतिविधियों को प्रमोट करता है और अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन का एक ऐक्टिव सदस्य है। एनआईए ने दावा किया था कि वह विस्फोटक डिवाइस की ट्रेनिंग और उसे बनाने का काम भी जानता है। वह आतंकियों को इसकी ट्रेनिंग देता है।
एनआईए ने कहा था कि पुणे आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में वह प्रमुख आरोपी है। वहीं नाचन की मौत के बाद भिवंडी और पडघा में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। नाचन के जनाजे से पहले पूरे इलाके में कड़ी निगरानी की जा रही है।
मुंबई ब्लास्ट मामले में दोषी
साकिब नाचन को 2002-03 के मुंबई ब्लास्ट मामले में भी दोषी ठहराया गया था। इसके बाद वह सिमी जैसे प्रतिबंधित संगठन का नेता बना रहा है। फिर भारत में आईएसआईएस की विचारधारा को फैलाने और युवाओं को भटकाने के आरोप उसपर लगे। 2023 में पुणे आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में उसे 15 अन्य के साथ गिरफ्तार किया गया था। वह युवाओं को आईएसआईएस के खलीफा के लिए शपथ दिलवाता था।