चौथा दिन: रामचरित मानस की चौपाईयां अर्थ सहित पढ़ें रोज, पाठ करने से पहले रखें इन बातों का ध्यान

Ramcharit Manas: भक्तशिरोमणि पूज्यपाद गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित 'श्रीरामचरितमानस' चौपाई अर्थ सहित उज्जवल प्रदेश (ujjwalpradesh.com) आपके लिए लेकर आ रही हैं।

Ramcharit Manas: भक्तशिरोमणि पूज्यपाद गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित ‘श्रीरामचरितमानस’ की 9 चौपाई अर्थ सहित उज्जवल प्रदेश (ujjwalpradesh.com) आज से आपके लिए लेकर आ रही हैं। आज से हम आपके लिए रोजाना गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित ‘श्रीरामचरितमानस’ की 9 चौपाई लेकर आते रहेंगे। आज से नववर्ष की शुरुआत हो रही हैं। इसलिए उज्जवल प्रदेश (ujjwalpradesh.com) एक नई पहल कर रही हैं जिसके माध्यम से आप सभी को संपूर्ण ‘श्रीरामचरितमानस’ पढ़ने का लाभ मिलें।

श्रीरामचरित मानस (Shri Ramcharit Manas) में जिनके पाठ से मनुष्य जीवन में आने वाली अनेक समस्याओं से मुक्ति मिल जाती है। वैसे तो संपूर्ण रामायण का पाठ करने से हर तरह की मनोकामनाओं की पूर्ति हो जाती है, आप चाहे तो हमारे साथ जुड़कर रोजाना पाठ करें और संपूर्ण रामायण का पुण्य फल भी कमाएं। आज हम आपके लिए लेकर आए हैं गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित ‘श्रीरामचरितमानस’ रामायण के प्रथम सोपान बालकांड के दोहा और चौपाई और भावार्थ

आज श्रीरामचरित मानस की 9 चौपाईयां | Today’s 9 Chaupais of Ramcharit Manas

दोहा
सुनि समुझहिं जन मुदित मन मज्जहिं अति अनुराग।
लहहिं चारि फल अछत तनु साधु समाज प्रयाग॥2॥

भावार्थ: जो मनुष्य इसको सुन समझकर प्रसन्न मन से इसमें गोता लगायेंगे, वे इसी शरीर से धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष-चारों फल प्राप्त कर लेगें, ऐसा यह साधु-समाजरूपी प्रयाग है।।2।।

चौपाई
मज्जन फल पेखिअ ततकाला। काक होहिं पिक बकउ मराला॥
सुनि आचरज करै जनि कोई। सतसंगति महिमा नहिं गोई॥1॥

भावार्थ: इसमें स्नान करने का फल तत्काल देख लीजिये कि कौवा कोयल और बगुला हंस हो जाता है। कहने का तात्पर्य यह है कि ऐसे सन्त-समाजरूपी तीर्थराज में मलिन मनुष्य भी निर्मल हो जाता है। यह सुनकर कोई आश्चर्य न करे; क्योंकि सत्संगति की महिमा किसी से छिपी हुई नहीं है॥1॥

बालमीक नारद घटजोनी। निज निज मुखनि कही निज होनी॥
जलचर थलचर नभचर नाना। जे जड़ चेतन जीव जहाना॥2॥

भावार्थ: वाल्मीकि, नारद और घटयोनि अर्थात् कुम्भज ऋषि ने अपने-अपने मुख से अपनी-अपनी होनी अर्थात् अपने जीवन-चरित्र को कहकर बतलाया है कि हम क्या थे और सत्संगति के प्रभाव से क्या हो गये ! इस प्रकार संसार में जो जड़ और चेतन नाना प्रकार के जलचर (जल में विचरनेवाले), थलचर (पृथ्वी पर विचरनेवाले) और नभचर (आकाश में विचरनेवाले पक्षी आदि) जितने जीव हैं॥2॥

मति कीरति गति भूति भलाई। जब जेहिं जतन जहाँ जेहिं पाई॥
सो जानब सतसंग प्रभाऊ। लोकहुँ बेद न आन उपाऊ॥3॥

भावार्थ: जिसने जब और जहाँ जिस उपाय से जो बुद्धि, कीर्ति, गति, बड़ाई, सम्पदा और भलाई पायी है। वह सत्संगति का ही प्रभाव जानो, इसके लिए लोक और वेद में अन्य उपाय नहीं हैं॥3॥

बिनु सतसंग बिबेक न होई। राम कृपा बिनु सुलभ न सोई॥
सतसंगत मुद मंगल मूला। सोई फल सिधि सब साधन फूला॥4॥

भावार्थ: बिना सत्संग के ज्ञान नहीं होता और वह बिना श्रीरामजी की कृपा के सुलभ नहीं होता। सत्संगति मंगल और प्रसन्नता का मूल है और वही सब साधनों का सिद्धिरूप फूल-फल है॥4॥

सठ सुधरहिं सतसंगति पाई। पारस परस कुधात सुहाई॥
बिधि बस सुजन कुसंगत परहीं। फनि मनि सम निज गुन अनुसरहीं॥5॥

भावार्थ: सत्संग को पाने से शठ अर्थात् मूर्ख मनुष्य भी सुधर जाते हैं, जैसे पारसमणि को पाकर लोहा सोना के रूप में होकर सुधर जाता है। सम्भव है कि सत्पुरुष भी दैवयोग से कुसंगति में जा पड़े किन्तु वे वहाँ भी सर्प की मणि के समान ही अपने गुणों को धारण करते हैं ॥5॥

बिधि हरि हर कबि कोबिद बानी। कहत साधु महिमा सकुचानी॥
सो मो सन कहि जात न कैसें। साक बनिक मनि गुन गन जैसें॥6॥

भावार्थ: सत्पुरुषों की महिमा वर्णन करने में तो ब्रह्मा, विष्णु, महेश, कवि (वाल्मीकि), कोविद (बृहस्पति) और वाणी (सरस्वतीजी) भी सकुचाती हैं। उसको मैं ऐसे ही नहीं कह सकता हूँ, जैसे शाक बेचनेवाला मणियों के गुणों को नहीं कह सकता है॥6॥

दोहा
बंदउँ संत समान चित हित अनहित नहिं कोइ।
अंजलि गत सुभ सुमन जिमि सम सुगंध कर दोइ॥3 (क)॥

भावार्थ: इसलिए मैं उन साधु पुरुषों की वंदना करता हूँ कि जो संसार में समान चित्त से रहते हैं और जिनके लिए न कोई शत्रु है, न कोई मित्र है। जैसे अंजलि में रखे हुए सुगन्धित पुष्प दोनों हाथों को बराबर सुगन्धित करते हैं, न किसी को कम, न किसी को अधिक वैसे ही।।3(क)।।

संत सरल चित जगत हित जानि सुभाउ सनेहु।
बालबिनय सुनि करि कृपा राम चरन रति देहु॥3(ख)।।

भावार्थ: उन सन्तों का चित्त बड़ा ही सरल, सीधा और लोकोपकारी होता है, उनको ऐसा जानकर मैं उनसे सप्रेम विनती करता हूँ कि हे सत्पुरुषों! कृपया मुझ बालक की प्रार्थना को सुनकर श्रीरामचन्द्रजी के चरणों में प्रीति दें।।3(ख)।।

Also Read: Hanuman Ji Mangal Vrat: मंगलवार के व्रत वालों को जान लेनी चाहिए ये जरूरी बातें

श्रीरामचरित मानस कितने कांडों में विभक्त हैं?

  • श्रीरामचरितमानस को पूज्यपाद गोस्वामी तुलसीदास जी ने सात काण्डों में विभक्त किया है। इन सात काण्डों के नाम हैं इस प्रकार हैं।
  • बालकाण्ड: रामचरितमानस का आरंभ बालकांड से होता है। इस कांड में श्री राम के जन्म और बाल्यकाल की कथा वर्णित है। शंकर-पार्वती का विवाह भी इसकी अन्य प्रमुख घटना है। इसमें कुल 361 दोहे हैं। बालकांड रामचरितमानस का सबसे बड़ा काण्ड है।
  • अयोध्याकाण्ड: अयोध्या की कथा का वर्णन अयोध्या काण्ड के अंतर्गत हुआ है। राम का राज्याभिषेक, कैकेयी का कोपभवन जाना और वरदान के रूप में राजा दशरथ से भरत के लिए राजगद्दी और राम को वनवास माँगना और दशरथ के प्राण छूटना आदि घटनाएँ प्रमुख हैं। इस कांड में 326 दोहे हैं।
  • अरण्यकाण्ड: राम का सीता लक्ष्मण सहित वन-गमन मारीचि-वध और सीता-हरण की कथा का वर्णन अरण्यकांड में हुआ है। इसमें 46 दोहे हैं।
  • किष्किन्धाकाण्ड: राम का सीता को खोजते हुए किष्किंधा पर्वत पर आना, श्री हनुमानजी का मिलना, सुग्रीव से मित्रता और बालि का वध इत्यादि घटनाएँ किष्किंधा काण्ड में वर्णित हैं। इसमें 30 दोहे हैं। किष्किंधाकांड रामचरितमानस का सबसे छोटा काण्ड है।
  • सुन्दरकाण्ड: सुंदरकांड का रामायण में विशेष महत्व है। इस कांड में सीता की खोज में हनुमानजी का समुद्र लाँघ कर लंका को जाना, सीताजी से मिलना और लंकादहन की कथा का वर्णन है।अशोक वाटिका सुंदर पर्वत के परिक्षेत्र में थी जहाँ हनुमानजी की सीताजी से भेंट होती है। इसलिए इस काण्ड का नाम सुन्दरकाण्ड है। सुंदरकांड सब प्रकार से सुंदर है। इसके पाठ का विशेष पुण्य है और इससे हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इसमें कुल 60 दोहे हैं।
  • लंकाकाण्ड (युद्धकाण्ड): सेतुबंध करते हुए राम का अपनी वानरी सेना के साथ लंका को प्रस्थान, रावण-वध और फिर सीता को लेकर लौटना यह सब कथा लंकाकाण्ड के अंतर्गत आती है। इसमें कुल 121 दोहे हैं।वाल्मीकीय रामायण में लंकाकांड का नाम युद्धकांड है।
  • उत्तरकाण्ड: जीवनोपयोगी प्रश्नों के उत्तर इस उत्तरकाण्ड में मिलते हैं। इसका काकभुशुण्डि-गरुड़ संवाद विशेष है। इस कांड में 130 दोहे हैं। इसमें श्रीराम का चौदह वर्ष के वनवास के उपरांत परिवार वालों और अवधवासियों से पुनः मिलने का प्रसंग बहुत मार्मिक है।उत्तरकांड के साथ ही रामचरितमानस का समापन हो जाता है।

Also Read: साल 2025 के लिए Dhirendra Krishna Shastri की चौकाने वाली भविष्यवाणी, वीडियो वायरल

श्रीरामचरित मानस का पाठ करने से पहले रखें इस बात का ध्यान

श्री रामचरितमानस (Shri Ramcharit Manas) का पाठ करने से पहले हमें श्री तुलसीदासजी, श्री वाल्मीकिजी, श्री शिवजी तथा श्रीहनुमानजी का आह्नान करना चाहिए तथा पूजन करने के बाद तीनो भाइयों सहित श्री सीतारामजी का आह्नान, षोडशोपचार ( अर्थात सोलह वस्तुओं का अर्पण करते हुए पूजन करना चाहिए लेकिन नित्य प्रति का पूजन पंचोपचार गन्ध, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य से संपन्न किया जा सकता है ) पूजन और ध्यान करना चाहिये। उसके उपरांत ही पाठ का आरम्भ करना चाहिये।

Grahan 2025: इस साल 4 ग्रहण, कब लगेगा पहला सूर्य और चंद्र ग्रहण? जानें सूतक काल…

Deepak Vishwakarma

दीपक विश्वकर्मा एक अनुभवी समाचार संपादक और लेखक हैं, जिनके पास 13 वर्षों का गहरा अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं में कार्य किया है, जिसमें समाचार लेखन, संपादन… More »

Related Articles

Back to top button