फैक्ट्री कर्मचारियों को नकली पिस्टल के बल पर बनाया बंधक, फिर बदमाश कीमती सामान लूटकर फरार

नई दिल्ली
कंझावला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में छह युवकों ने सोमवार रात को डाका डाल दिया। नकली पिस्टल दिखाकर आरोपितों ने पहले फैक्ट्री में सो रहे कर्मचारियों को बंधक बनाया और फिर सामान लूटकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान बवाना के अभिषेक शर्मा, राहुल कुमार, अमजद उर्फ पोटा, पूठ खुर्द के मनीष कुमार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के विक्रम मिश्र, मध्य प्रदेश के भिंड जिले के बल्लू उर्फ राम के रूप में हुई है। आरोपितों के पास से नकली पिस्टल, छह सिम कार्ड, दो जनरेटर, दो वेल्डिंग मशीन, दो सबमर्सिबल, टेंपो बरामद किया है।

रोहिणी जिला पुलिस की अतिरिक्त उपायुक्त बिस्मा काजी ने बताया कि कंझावला थाना पुलिस को कंझावला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में डकैती की जानकारी मिली थी। शिकायतकर्ता महेश कुमार ने बताया था कि रात को वह दूसरे कर्मचारियों के साथ फैक्ट्री में सो रहे थे। इस दौरान चार युवक दीवार कूदकर फैक्ट्री में आए व पिस्टल के बल पर बंधक बनाकर फैक्ट्री से सामान टेंपो में लेकर चले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और फुटेज के आधार पर वह बवाना औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया व लूटा गया सामान बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि उन्होंने बच्चों के खेलने के लिए बनाई गई पिस्टल के बल पर डकैती की।

 

Deepak Vishwakarma

दीपक विश्वकर्मा एक अनुभवी समाचार संपादक और लेखक हैं, जिनके पास 13 वर्षों का गहरा अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं में कार्य किया है, जिसमें समाचार लेखन, संपादन और कंटेंट निर्माण प्रमुख हैं। दीपक ने कई प्रमुख मीडिया संस्थानों में काम करते हुए संपादकीय टीमों का नेतृत्व किया और सटीक, निष्पक्ष, और प्रभावशाली खबरें तैयार कीं। वे अपनी लेखनी में समाजिक मुद्दों, राजनीति, और संस्कृति पर गहरी समझ और दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हैं। दीपक का उद्देश्य हमेशा गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक सामग्री का निर्माण करना रहा है, जिससे लोग सच्ची और सूचनात्मक खबरें प्राप्त कर सकें। वह हमेशा मीडिया की बदलती दुनिया में नई तकनीकों और ट्रेंड्स के साथ अपने काम को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत रहते हैं।

Related Articles

Back to top button