2025 में कितनी बढ़ेगी आपकी Salary? जानिए किन सेक्टर्स के कर्मचारियों की लगेगी लॉटरी!
Salary Hike: 2025 में भारत में औसतन 9.4% सैलरी हाइक होने की उम्मीद है। ई-कॉमर्स सेक्टर में सबसे अधिक 10.5% वेतन वृद्धि संभव है। फाइनेंशियल सर्विस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर और IT सेक्टर में भी वेतन में बदलाव होंगे. AI का वेतन निर्धारण में बढ़ता उपयोग सैलरी सिस्टम को प्रभावित करेगा।

Salary Hike: उज्जवल प्रदेश डेस्क. सैलरी हाइक का इंतजार हर कर्मचारी को होता है। 2025 में वेतन वृद्धि से जुड़ी एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि इस साल औसत वेतन वृद्धि 9.4% हो सकती है। कुछ सेक्टर में यह 10% से अधिक होगी, जबकि कुछ इंडस्ट्री में वेतन वृद्धि की रफ्तार धीमी रहेगी। आइए जानते हैं पूरी खबर।
औसतन 9.4% वेतन वृद्धि होने की संभावना
सैलरी बढ़ने की उम्मीद हर कर्मचारी को रहती है, लेकिन 2025 में आपकी सैलरी कितनी बढ़ेगी? कौन से सेक्टर में सबसे ज्यादा वेतन वृद्धि होगी। किन उद्योगों में वेतन स्थिर रहेगा? हाल ही में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में औसतन 9.4% वेतन वृद्धि होने की संभावना है, जो 2024 की तुलना में थोड़ी कम है। हालांकि, कुछ सेक्टर में यह वृद्धि 10% से अधिक हो सकती है।
किन सेक्टर्स में होगी सबसे ज्यादा सैलरी हाइक?
रिपोर्ट के अनुसार ई-कॉमर्स सेक्टर 2025 में वेतन वृद्धि में सबसे आगे रहेगा. इस क्षेत्र में 10.5% वेतन वृद्धि होने की संभावना है। इसका मुख्य कारण ऑनलाइन कारोबार की तेजी, उपभोक्ताओं का बढ़ता खर्च और टेक्नोलॉजी का विस्तार है।
फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में 10.3% वेतन वृद्धि की उम्मीद जताई गई है। ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) सेक्टर में भी 10.2% तक वृद्धि हो सकती है। आईटी सेक्टर की वेतन वृद्धि दर 2024 में 9.8% थी, जो 2025 में घटकर 9.6% हो सकती है। वहीं, IT-इनेबल्ड सर्विसेज (ITeS) सेक्टर में 9% की वृद्धि संभव है, जो 2024 में 9.2% थी। ऑटोमोबाइल, फार्मा और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में वेतन में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
नौकरी छोड़ने की दर घटी
भारत में कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर में गिरावट आई है। 2023 में 18.3% कर्मचारी नौकरी बदल रहे थे, जबकि 2024 में यह दर घटकर 17.5% हो गई। इसका मतलब है कि लोग अब स्थायी नौकरियों की ओर बढ़ रहे हैं और कंपनियां भी अपने कर्मचारियों को बनाए रखने के लिए ज्यादा आकर्षक पैकेज दे रही हैं।
AI बदलेगा वेतन निर्धारण और पेरोल सिस्टम
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 60% नियोक्ता अब वेतन निर्धारण और कर्मचारी फायदों को तय करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करने की योजना बना रहे हैं। AI से कंपनियां वेतन निर्धारण, वेतन समानता (Pay Parity) और कर्मचारी लाभों का विश्लेषण रियलटाइम में कर सकेंगी। इसके साथ ही, कंपनियां कस्टमाइज्ड बेनिफिट प्लान डिजाइन कर पाएंगी, जिससे कर्मचारियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर उचित वेतन और सुविधाएं मिलेंगी।
ब्लॉकचेन से पेरोल सिस्टम में बदलाव
ब्लॉकचेन और स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट्स की मदद से कंपनियां पेरोल सिस्टम को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बना सकती हैं। इससे वेतन से जुड़े मामलों में धोखाधड़ी और गलतियों को कम किया जा सकेगा। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 2028 तक AI आधारित वेतन और इंसेंटिव मॉडल पूरी तरह से अपनाए जा सकते हैं।
सीईओ की सैलरी में बंपर बढ़ोतरी
भारत की टॉप 50 निफ्टी (NIFTY) इंडेक्स में शामिल कंपनियों के CEO की सैलरी में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, 2023 से 2024 के बीच CEO की सैलरी में 1820% तक की वृद्धि दर्ज की गई है। यह वरिष्ठ अधिकारियों के वेतन में तेजी से हो रही वृद्धि को दर्शाता है।
कर्मचारियों के लिए क्या है संदेश?
अगर आप एक अच्छे वेतन वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं, तो आपको अपनी स्किल्स को अपग्रेड करने पर ध्यान देना चाहिए। AI, डेटा एनालिटिक्स और टेक्नोलॉजी से जुड़े कौशल वाले कर्मचारियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। कंपनियां अब ऐसे कर्मचारियों को प्राथमिकता दे रही हैं जो डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में योगदान दे सकते हैं।