Indian Railway: संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान पकड़े गए 229 यात्री, लाखों का वसूला जुर्माना

Indian Railway: संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर प्रातः 06:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान का आयोजन किया गया।

Indian Railway: उज्जवल प्रदेश, भोपाल. मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में भोपाल मंडल द्वारा अधिकृत यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं रेल राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर प्रातः 06:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव एवं 12 टिकट चेकिंग स्टाफ के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के बाहर निकलने वाले रास्तों की घेराबंदी की गई, जिससे बिना जांच कोई भी यात्री बाहर न निकल सके।

इस दौरान स्टेशन से गुजरने वाली कुल 10 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। जांच में 128 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे ₹93,160/- की राशि वसूली गई। वहीं 100 यात्री अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते पाए गए, जिनसे ₹48,850/- बतौर किराया एवं जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त बिना बुकिंग के सामान ले जाते हुए तथा गंदगी फैलाते हुए पाए गए 1 यात्री से ₹200/- का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार इस अभियान के दौरान कुल 229 मामलों से ₹1,42,210/- का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यह अभियान यह सुनिश्चित करने हेतु संचालित किया गया था कि सभी यात्री उचित टिकट के साथ ही यात्रा करें। ऐसे अभियान न केवल रेलवे के राजस्व को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि यात्रियों को एक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं स्वच्छ यात्रा का अनुभव भी प्रदान करते हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा करने से पूर्व वैध टिकट अवश्य लें। प्रतीक्षा सूची ई-टिकट एवं प्लेटफार्म टिकट पर यात्रा की अनुमति नहीं है। यात्री IRCTC की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या UTS ऐप का उपयोग कर आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।

Deepak Vishwakarma

दीपक विश्वकर्मा एक अनुभवी समाचार संपादक और लेखक हैं, जिनके पास 13 वर्षों का गहरा अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं में कार्य किया है, जिसमें समाचार लेखन, संपादन… More »

Related Articles

Back to top button