PM Modi’s mega rally in Bhopal: जरा भी मौका न दें, MP में मोदी ने कांग्रेस से किया सावधान, LIVE UPDATES

PM Modi MP Visit Live Updates: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे।

PM Modi’s mega rally in Bhopal | Pm Modi Bhopal Visit Live: उज्जवल प्रदेश, भोपाल. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले PM मोदी आज मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं की दो बड़ी रैलियां करने जा रहे हैं। इन रैलियों में प्रदेश की जनता के साथ-साथ लाखों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। पीएम मोदी कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे भोपाल पहुंचे और जंबूरी मैदान तक रोड शो किया। थोड़ी ही देर में वह रैली को संबोधित करेंगे। दोनों ही राज्यों में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने ‘अबकी बार 150 पार’ का नारा दिया है।

पार्टी नेताओं ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश भाजपा की ओर से पांच अलग-अलग क्षेत्रों से निकाली गई ‘जन आशीर्वाद यात्राओं’ के समापन समारोह और जनसंघ के सह-संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, जयपुर में प्रधानमंत्री मोदी की रैली के साथ आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा की राज्य भर में निकाली गई चार परिवर्तन यात्राओं का समापन होगा।

PM Modi Bhopal LIVE UPDATES

कांग्रेस से एमपी को बड़ा नुकसान होगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह समय भारत और मध्य प्रदेश को विकसित बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में अगर कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टी, हजारों-करोड़ रूपये के घोटालों का इतिहास रचने वाली पार्टी, वोट बैंक का तुष्टीकरण करने वाली पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो मध्य प्रदेश को बड़ा नुकसान होगा। कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी।

पीएम मोदी ने कांग्रेस की तुलना जंग लगे लोहो से करते हुए कहा कि उनके पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। अब कांग्रेस में न देखने का सामर्थ्य बचा है, न देशहित को समझने का, इसलिए आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। भाजपा बुलेट ट्रेन पर काम कर रही है। कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। भाजपा सरकार ने नया संसद भवन बनाया, पूरा देश इसकी खूब प्रशंसा कर रहा है। मगर कांग्रेस ने पहले दिन से ही विरोध करना शुरू कर दिया। कांग्रेस वाले अब भी नकारात्मका फैला रहे हैं। भारत कुछ भी उपलब्धि हासिल करे, कांग्रेस को पसंद नहीं आता।

संबोधन से पहले किया mega rally 

जंबूरी मैदान स्थित सभास्थल पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शहर में करीब आधा किलोमीटर का रोड शो किया। इस दौरान खुली जीप में उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और रैली को संबोधित किया। पूरा भोपाल शहर बीजेपी के झंडों से पटा हुआ है। लाखों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण जंबूरी मैदान की ओर भारी भीड़ है। दरअसल, इस मैदान पर साल 2013 से हर पांच साल पर बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ करती है। प्रधानमंत्री मोदी तीसरी बार इसमें शामिल हुए हैं।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम का ताबड़तोड़ दौरा

मध्य प्रदेश उन पांच राज्यों में सबसे बड़ा राज्य है, जहां आगामी माह में विधानसभा चुनाव होने हैं। पांच राज्यों में एमपी ही एकमात्र राज्य है, जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और उनका अपना मुख्यमंत्री है। राज्य में 2018 की तरह इस बार भी कांटे की लड़ाई की संभावना जताई जा रही है। लिहाजा बीजेपी के केंद्रीय नेता लगातार प्रदेश के दौरे कर रहे हैं। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं। पीएम का बीते छह माह में यह सातवां एमपी दौरा है।

पिछले दिनों यानी 14 सितंबर को वे बीना आए थे। यहां उन्होंने बीपीसीएल (भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले पेट्रो केमिकल प्लांट का शिलान्यास किया था। प्रधानमंत्री अगले महीने एकबार फिर एमपी दौरे पर आ रहे हैं। पांच अक्टूबर को जबलपुर में उनका कार्यक्रम है।

पीएम के दौरे को लेकर गरमाई राजनीति

प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने पीएम के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, शिवराज जी, आज आप जरा धीरज से काम लीजिएगा। प्रधानमंत्री जब भी मध्य प्रदेश आते हैं तो आप उन्हें अपने किसी न किसी झूठ में शामिल करा लेते हैं। आपकी झूठ मशीन की डबल स्पीड से मध्य प्रदेश की जनता के साथ प्रधानमंत्री भी त्रस्त हैं, इसीलिए उन्होंने पूरे चुनाव अभियान से आपको बाहर कर दिया है। आप देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं जो मुख्यमंत्री तो हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं है।

LIVE UPDATES

– पीएम ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अभाव और गरीबी में फलती-फूलती है। कांग्रेस ने जानबूझ कर देश को गरीब रखा। रोटी, कपड़ा और मकान में ही उलझाए रखा। जो मुश्किलें आपके माता-पिता से पहले की पीढ़ियों ने झेली हैं वो अब आपको और आपके बच्चों को ना झेलनी पड़े इसके लिए भाजपा की डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है।

– प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में गौरवपूर्ण काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा एक परिवार के गौरव के लिए काम किया। कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवारतंत्र बना दिया था।

– मोदी ने कहा कि देश का नाम रोशन होता है तो हर भारतवासी को गौरव होता है, लेकिन कांग्रेस वालों को नहीं होता, क्योंकि कांग्रेस न खुद बदलना चाहती है और ना ही देश को बदलने देना चाहती है। देश समृद्धि की तरफ बढ़ने के लिए प्रयास कर रहा है, लेकिन कांग्रेस देश को 20वीं शताब्दी में ले जाना चाहती है।

Also Read: Xiaomi 13T Pro में मिलेगा 67W का फास्ट चार्जिंग सपोर्ट व IP68 से होगा लैस

– पीएम ने कहा कि भाजपा आज आधुनिक सड़कें, चौड़े हाईवे और एक्सप्रेसवे बना रही है, लेकिन कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। भाजपा आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन, स्टेशनों का कायाकल्प कर रही है, भोपाल के रानी दुर्गावती स्टेशन की प्रशंसा हर कोई कर रहा है, लेकिन कांग्रेस को ये भी नहीं पच रहा है। भाजपा ने नया भव्य संसद भवन बनाया, जिसकी पूरे देश में प्रशंसा हो रही है, लेकिन कांग्रेस इसका भी विरोध कर रही है। भारत कुछ भी नया करे, कोई भी उपलब्धि हासिल करे, कांग्रेस को कुछ भी पसंद नहीं आता।

– प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते कहा कि कांग्रेस के पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। कांग्रेस जंग लगा हुआ वह लोहा है जो बारिश में रखे-रखे खत्म हो जाता है। अब कांग्रेस में ना देखने का समार्थ्य है, ना देश को समझने का सामर्थ्य है, इसलिए आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का विरोध किया, आज भारत के यूपीआई से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है, लेकिन कांग्रेस को ये भी पसंद नहीं है।

– पीएम ने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस गई, वहां उन्होंने बर्बादी ही की है। यदि यहां कांग्रेस आई तो एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। मध्य प्रदेश को कांग्रेस की लूट और तबाही से बचाना है।

– प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समय मध्य प्रदेश को विकसित और विकसित भारत बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में हजारों करोड़ रुपये का घोटाला और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस को जरा भी मौका मिल गया तो मध्य प्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान होगा।

Also Read: Tata Tiago EV को घर लाए सिर्फ ₹10,000 की EMI पर

– पीएम ने कहा कि हम अपने आसपास देख रहे हैं, जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे ये बर्बादी लाए, महाराष्ट्र में गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर 1 काम बना दिया। मध्य प्रदेश के विकास के लिए आने वाले साल बहुत महत्वपूर्ण हैं।

– मोदी ने कहा कि आने वाला चुनाव बहुत अहम है, हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, वह विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं।

-प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था, खस्ताहाल सड़कें, अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और गरीब नहीं देखा। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने मध्य प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने का कार्य किया है, यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है।

– प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कांग्रेस ने संपन्न मध्य प्रदेश को बीमारू बनाया, लेकिन BJP ने राज्य को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

– नरेंद्र मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो गए हैं, यानी जो युवा इस बार के चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की सरकार को ही देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, वो बुराइयां देखी नहीं है। एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति , कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा, लेकिन कांग्रेस ने साधन संपन्न मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया।

– पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश से निकले अनेक महान व्यक्तित्वों ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है। अनेकों लोगों का तप और त्याग भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है, इसलिए मध्य प्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का नहीं बल्कि विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।

Also Read: Ola S1X Electric Scooter के तीनों वैरिएंट की जानें डिटेल, कीमत व EMI प्लान

– प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे परिवारजनों, मध्य प्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जनसंघ के जमाने से आजतक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है।

– प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि ये जनसैलाब , ये उमंग, ये उत्साह, ये कार्यकर्ता का महाकुम्भ, महासंकल्प बहुत कुछ कहता है। ये दिखाता है कि मध्य प्रदेश के मन में क्या है… ये दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। ये दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला।

-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणेश चतुर्थी पर नई संसद प्रारंभ की और पहले दिन ही महिला वंदन अधिनियम कानून बनाकर बहनों को 35 प्रतिशत आरक्षण दे दिया है। मोदी है तो मुमकिन है, असंभव को संभव बनाने वाले आदरणीय प्रधानमंत्री जी का मध्य प्रदेश की जनता की ओर से अभिनंदन करता हूं। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग और G-20 समिट के शानदार आयोजन करने वाले मोदी जी भारत के लिए वरदान हैं।

– शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में संचालित गरीब कल्याण की योजनाओं का परिणाम है कि मध्य प्रदेश के 1 करोड़ 36 लाख गरीब लोगों को गरीबी से मुक्ति मिली है। मध्य प्रदेश में आज हर गरीब के जीवन में खुशहाली आई है। मैं मध्य प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री का अभिनंदन करता हूं।

– मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता महाकुम्भ में दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के आदर्श आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पधारे हैं।

– भोपाल के जंबूरी मैदान में कार्यकर्ता महाकुंभ के मंच पर भाजपा की महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संसद में महिला आरक्षण बिल पास कराने को लेकर पीएम मोदी का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।

– भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में हिस्सा लेने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल पहुंच गए हैं। रैली से पहले वह भोपाल में रोड शो कर रहे हैं।

– मध्य प्रदेश में 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 230 में से 114 सीटें जीती थीं और भाजपा 109 पर ही सिमट गई थी, जिससे पार्टी सत्ता में आने का मौका चूक गई थी।

– भोपाल में रैली से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहरभर में मोदी की विशाल आदमकद कटआउट लगाए हैं। विभिन्न जगहों पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरों वाले पोस्टर भी लगाए गए हैं।

– भाजपा द्वारा मध्य प्रदेश में चुनावी अभियान के अंतर्गत पांच जन आशीर्वाद यात्राओं का आयोजन किया गया था। पहली यात्रा तीन सितंबर को चित्रकूट से निकाली गई, जबकि बाकी यात्राएं नीमच, श्योपुर, मंडला एवं खण्डवा से प्रारंभ हुई थीं।

– मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने कहा कि मोदी 25 सितंबर को भारतीय जनसंघ के सह-संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भोपाल के जंबूरी मैदान में पार्टी के ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ को संबोधित करेंगे।

– पिछले 45 दिनों में प्रधानमंत्री का मध्य प्रदेश का यह तीसरा दौरा होगा। भाजपा ने कार्यकर्ता महाकुंभ कार्यक्रम के लिए 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है और इस कार्यक्रम को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

– भोपाल के जंबूरी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। रैली स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी यहां भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करेंगे।

Ajab Gajab: खतरनाक कोबरा पीने लगा बोतल से पानी, देखें वीडियो

Sourabh Mathur

सौरभ माथुर एक अनुभवी न्यूज़ एडिटर हैं, जिनके पास 13 वर्षों का एडिटिंग अनुभव है। उन्होंने कई मीडिया हॉउस के संपादकीय टीमों के साथ काम किया है। सौरभ ने समाचार लेखन, संपादन और तथ्यात्मक विश्लेषण में विशेषज्ञता हासिल की, हमेशा सटीक और विश्वसनीय जानकारी पाठकों तक पहुंचाना उनका लक्ष्य रहा है। वह डिजिटल, प्रिंट और ब्रॉडकास्ट मीडिया में भी अच्छा अनुभव रखतें हैं और पत्रकारिता के बदलते रुझानों को समझते हुए अपने काम को लगातार बेहतर बनाने की कोशिश करते रहतें हैं।

Related Articles

Back to top button