MP Election 2023 : टीम वीडी का ग्राउंड रियलिटी सर्वे शुरू, विधायकों की सक्रियता और छवि पर रहेगी पैनी नजर

MP Assembly Election 2023 : प्रदेश में BJP अध्यक्ष VD शर्मा अपनी टीम के साथ मंत्रियों और विधायकों की जमीनी स्थिति जानने के लिए खुद मैदान में उतर रहे हैं।

MP Assembly Election 2023 : उज्जवल प्रदेश, भोपाल. विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी मध्यप्रदेश से लेकर दिल्ली तक एक्टिव है। प्रदेश में बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा अपनी टीम के साथ मंत्रियों और विधायकों की जमीनी स्थिति जानने के लिए खुद मैदान में उतर रहे हैं। वहीं केंद्रीय नेतृत्व इस साल होने वाले 9 राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ लोकसभा की तैयारियों में जुटा है। इसके लिए केंद्रीय कैबिनेट और संगठन में बदलाव के साथ संघ से 3000 स्वयं सेवकों को बीजेपी में लाकर फील्ड में उतारने की तैयारी है।

प्रदेश भाजपा के शीर्ष पदाधिकारी अब जिलों के दौरे कर यह जानेंगे कि उनकी पार्टी के मौजूदा विधायकों की क्षेत्र में सक्रियता और पब्लिक के बीच उनकी छवि कैसी है? इसके साथ ही बूथों के डिजिटलाइजेशन के साथ त्रिदेव की वर्किंग और शिवराज सरकार की योजनाओं को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच फीडबैक की रिपोर्ट भी इनके द्वारा ली जाएगी। अपने स्तर पर इन सब तथ्यों का सर्वे कर चुनावी रिपोर्ट तैयार करने के लिए पार्टी के प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री अब जिलों के दौरे कर रहे हैं। पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों के यह दौरे अप्रेल तक चलने वाले हैं।

पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी इसी कड़ी में प्रदेश के संभागीय मुख्यालयों के दौरे के बाद जिला स्तर पर बैठकें करने में जुटे हैं। सूत्रों का कहना है कि इन सभी का फोकस आकांक्षी विधानसभा के रूप में चिन्हित उन 103 विधानसभा सीटों पर भी है जहां भाजपा को पिछले उपचुनाव और विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

आकांक्षी विधानसभा सीटों पर पार्टी कमबैक करने के लिए हर संभव काम करने की तैयारी में है। प्रदेश के शीर्ष पदाधिकारियों के दौरे के मद्देनजर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मंगलवार को प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रदेश महामंत्रियों के साथ कामकाजी बैठक की और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर निर्देश दिए। इन्हें संभागीय स्तर पर सौंपे गए प्रभार की रिपोर्ट भी ली गई है।

विधायकों पर खासतौर पर फोकस

इन संगठनात्मक दौरों में पार्टी खासतौर पर विधायकों के बारे में जानकारी जुटाएगी जिसमें विधायकों के निगेटिव और पाजिटिव फीडबैक के बारे में रिपोर्ट लेकर उनका रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इसकी रिपोर्ट केंद्रीय संगठन को भी भेजी जाएगी। पार्टी में जिला पदाधिकारियों और विधायकों तथा पूर्व विधायकों के बीच समन्वय की कमी की शिकायत कई बार संगठन को मिली है, इसलिए ये नेता प्रवास के दौरान जिला पदाधिकारियों को सभी के साथ समन्वय बनाने पर भी जोर देंगे।

मुरली हरदा, कठेरिया भिंड, वीडी नरसिंहपुर, हितानंद जाएंगे रीवा

चुनावी साल में शुरू हुए इन दौरों की कड़ी में जनवरी के पहले दौरे की शुरुआत बुधवार से हो रही है। इसी तारतम्य में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव आज हरदा, गुरुवार को बैतूल और शुक्रवार को नर्मदापुरम में बैठकें और बूथों की जानकारी लेंगे। वे पार्टी के कोर ग्रुप के अलावा की वोटर्स के साथ भी संवाद करेंगे।

ALSO READ

सह प्रभारी रामशंकर कठेरिया बुधवार को भिंड, गुरुवार को मुरैना और शुक्रवार को दतिया में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर फीडबैक लेंगे। दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बुधवार को जबलपुर और नरसिंहपुर में पार्टी के संभागीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। दूसरी ओर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा बुधवार को रीवा पहुंचे हैं। यहां वे विधायकों और पार्टी के जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

टिकट वितरण में अहम भूमिका निभाएगा फीडबैक

प्रदेश पदाधिकारियों को जिलों से मिलने वाला फीडबैक आसन्न विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में अहम भूमिका निभाएगा। जिन मंत्रियों या विधायकों को लेकर असंतोष के सुर सुनाई देंगे, उन्हें परफरमेंस सुधारने के लिए कहा जाएगा, इसके बाद स्थिति नहीं बदली तो टिकट मिलने में मुश्किल हो सकती है।

Related Articles

Back to top button