Shefali Jariwala: नहीं रहीं ‘कांटा लगा गर्ल’, 42 की उम्र में हुआ कार्डियक अरेस्ट
Shefali Jariwala: 'कांटा लगा गर्ल' के नाम से मशहूर अभिनेत्री शेफाली जरीवाला अब हमारे बीच नहीं रहीं। उनकी मौत की खबर से इंडस्ट्री में मातम छाया हुआ है।

Shefali Jariwala: उज्जवल प्रदेश डेस्क, मुंबई. मनोरंजन इंडस्ट्री से एक और दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला का आकस्मिक निधन हो गया है। ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर शेफाली महज 42 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गईं।
कार्डियक अरेस्ट बना मौत का कारण
Shefali Jariwala की मौत की खबर सबसे पहले फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिए दी। इसके बाद अमर उजाला से बातचीत में उनके मेकअप आर्टिस्ट ने भी इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शेफाली को अचानक हार्ट अटैक आया और वह उसे झेल नहीं सकीं। हालांकि, उनके परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
रात 11 बजे सीने में दर्द की शिकायत
सूत्रों के अनुसार, शेफाली मुंबई के अंधेरी स्थित लोखंडवाला इलाके में अपने पति पराग त्यागी के साथ रह रही थीं। बुधवार देर रात करीब 11 बजे उन्होंने सीने में तेज़ दर्द की शिकायत की। इसके बाद पराग त्यागी उन्हें तुरंत बेलेव्यू मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल ने भी दी पुष्टि
विक्की ललवानी की पोस्ट का हवाला देते हुए विरल भयानी ने लिखा कि शेफाली को उनके पति पराग और तीन अन्य लोग अस्पताल लेकर गए थे। अस्पताल के एक स्टाफ सदस्य ने बताया कि शेफाली की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी। डॉ. लूला ने भले कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया, लेकिन डॉ. सुशांत ने यह पुष्टि की कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर हॉस्पिटल भेजा जा रहा है।
‘कांटा लगा’ से मिली पहचान
Shefali Jariwala को सबसे ज़्यादा लोकप्रियता 2002 में आए सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से मिली थी। इस गाने ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया था। इसके बाद वह फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में अक्षय कुमार और सलमान खान के साथ नज़र आई थीं। उनके डांस मूव्स और ग्लैमरस लुक्स ने उन्हें यंग ऑडियंस के बीच काफी पॉपुलर बना दिया था।
रियलिटी शोज़ में भी दिखाया दम
शेफाली ने डांस और रियलिटी की दुनिया में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वह ‘बिग बॉस 13’ में कंटेस्टेंट के रूप में नज़र आई थीं। इसके अलावा उन्होंने ‘नच बलिए’ जैसे रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया और अपने पति पराग त्यागी के साथ परफॉर्म किया। उनके फैंस उन्हें आज भी उनके डांस स्टाइल और आत्मविश्वास के लिए याद करते हैं।
सोशल मीडिया पर शोक की लहर
शेफाली के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। फैंस और इंडस्ट्री के लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें उनके पति पराग त्यागी बेहद दुखी अवस्था में कार में बैठे नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स ने शेफाली के निधन पर शोक जताया है और उन्हें श्रद्धांजलि दी है।