पूर्व CM वसुंधरा राजे ने मुरली मनोहर जोशी से की मुलाकात, सियासी शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बना दिल्ली

जयपुर
मुख्यमंत्री पद के लिए जारी खींचतान के बीच राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा की एक बार फिर से दिल्ली सक्रियता से उनके सियासी विरोधी सतर्क हो गए है। वसुंधरा राजे लगातार दौरे कर अपने सियासी विरोधियों को अपनी शक्ति का एहसास करवा रही हैं। वसुंधरा राजे रविवार को फिर से दिल्ली दौरे पर रही। खुद वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। पूर्व सीएम ने ट्वीट कर लिखा- नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री डाॅ. जितेंद्र सिंह के पुत्र अरुणोदय के विवाह समारोह में शिरकत कर वर-वधु को सुखद दांपत्य जीवन की अग्रिम शुभकामनाएं दी। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी समेत कई वरिष्ठ नेताओं एवं सदस्यों से मुलाकात कर उनसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की।  इस मौके पर वसुंधरा राजे के साथ उनके सांसद पुत्र दुष्यंत सिंह भी मौजूद रहे।  इससे पहले वसुंधरा राजे ने पीएम मोदी समेत केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की थीं।

वसुंधरा राजे विरोधी गुट सतर्क
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के दिल्ली दौरे से उनका धुर विरोधी खेमा सतर्क हो गया है। राजस्थान में विधानसभा चुनाव 2023 के अंत तक होने है, लेकिन प्रमुख नेताओं की सियासी चहल कदमी बढ़ गई है। विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री चेहरे के लिए जारी खींचतान के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने हाल ही में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से दिल्ली में मुलाकात की थीं। बैठक में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन मेघवाल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ औऱ सांसद किरोड़ी लाल मीणा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारियों पर मंथन किया गया था। जानकारों का कहना है कि विरोधी धड़े के नेता भी दिल्ली दौरों के जरिए वसुंधरा की तर्ज पर ही सियासी संदेश दे रहे हैं। राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। इसलिए सियासी शक्ति प्रदर्शन का केंद्र दिल्ली बन रहा है। आने वाले दिनों में दौरों की रफ्तार और बढ़ेगी।

राजस्थान की कमान दिल्ली के हाथ में
गौरतलब है कि राजस्थान की राजनीति भले ही जयपुर से चलती हो लेकिन कमान दिल्ली के हाथों में ही होती है। यही कारण है की वसुंधरा राजे हो या फिर विरोधी धड़े से जुड़े नेता समय-समय पर दिल्ली पहुंच कर मेल मुलाकातों के जरिए सियासी संदेश देने की कोशिश करते हैं। कुछ दिनों पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया दिल्ली गए थे जहां उन्होंने प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह से मुलाकात की थी। इसके बाद वसुंधरा राजे ने दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे हाल ही में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुई थीं। दिल्ली यात्रा के जरिए वसुंधरा राजे अपने विरोधियों को शायद अपने सियासी कद का एहसास कराना चाह रही हैं।

Related Articles

Back to top button