गहलोत ने पंजाब के सीएम भगवंत मान से की बात, सरहिंद फीडर मरम्मत कार्य जल्द कराने की मांग

जयपुर
इन्दिरा गांधी नहर का क्षतिग्रस्त कार्य पूर्ण नहीं होने से राजस्थान में हो रहे संकट पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात की है। सीएम गहलोत ने खुद यह जानकारी दी। सीएम गहलोत ने ट्वीट कर लिखा- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पंजाब में क्षतिग्रस्त सरहिंद फीडर के मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए फोन पर बात की है। उन्हें इस क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण राजस्थान में आ रही परेशानियों से अवगत कराया है। सीएम गहलोत ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा- इंदिरा गांधी नहर परियोजना में 60 दिन की नहरबंदी के बाद 21 मई से पानी शुरू करना था। लेकिन इस क्षति के कारण यह शुरू नहीं हो पाया है।

सीएम बोले- काम जल्द करें पंजाब
सीएम गहलोत ने पंजाब के सीएम से भीषण गर्मी में पेयजल की जरूरतों को देखते हुए इस काम को शीघ्र पूर्ण करवाया जाने का अनुरोध किया।  क्योंकि इससे राजस्थान के 10 जिलों के करीब पौने दो करोड़ लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाया जाता है। इस बातचीत में भगवंत मान ने आश्वस्त किया है कि सरहिंद फीडर की मरम्मत का कार्य यथाशीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पंजाब के अधिकारियों से राज्य सरकार के अधिकारियों की वार्ता हुई थी। लेकिन वार्ता करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

पंजाब के साथ पहले भी हुई थी वार्ता
राजस्थान विधानसभा में जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत मालवीया ने सदन मे आश्वसान दिया था कि पंजाब सरकार से वार्ता की जाएगी। राजस्थान की पंजाब के साथ कई दौर की वार्ता भी हुई है। पंजाब की ओद्योगिक इकाइयों का कचरा राजस्थान की नदियों में डालने से समस्या बहुत लंबे समय से चली आ रही है। लेकिन वार्त करने के बाद भी राजस्थान की नदियों में अपशिष्ट पदार्थ डाले जा रहे हैं। इससे न केवल जीव जंतुओं का नुकसान हो रहा है बल्कि पानी भी प्रदूषित हो रहा है।

 

Related Articles

Back to top button