अजमेर में धारा 144 के खिलाफ महिलाएं हुईं लामबंद, अफसरों के सामने भजन गाकर जताया विरोध

अजमेर
राजस्थान के अजमेर में धारा 144 लागू करने के साथ ही अब इसके विरोध में भाजपा महिला मोर्चा सहित अन्य हिन्दू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने शुक्रवार को धारा 144 का विरोध जताते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया व जिला प्रशासन के सामने धार्मिक भजन गाकर कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप मढ़ दिया। महिला मोर्चा ने विरोध के चलते वीसी में बैठे संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा को ज्ञापन देकर इस आदेश को वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस पर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का लगाया आरोप
महिला मोर्चा की सदस्यों ने कांग्रेस सरकार पर जिले में बेतुके आदेश निकालकर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अजमेर जिला हमेशा शांति सौहार्द की जगह माना गया है, लेकिन कांग्रेस सरकार इस तरह लोगों को भड़काने के लिए आदेश निकला रही है, वो उचित नहीं है। महिलाओं ने कहा कि जो उनके धार्मिक आयोजन होंगे उनमें पहले जैसे ही धूमधाम से शहर को रोशनी ओर पताकाओं से सजाया जाएगा।

हिंदूवादी संगठन भी करेंगे विरोध
एक ओर जहां इस आदेश से राजनीति गरमा रही है वहीं अब हिंदूवादी संगठनों ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वोटबैंक की खातिर तुष्टिकरण कर रही है, लेकिन हिन्दू संगठन ये कभी नहीं करने देंगे।  

प्रशासन ने लगाई है धारा 144
अजमेर जिला प्रशासन ने गुरुवार को एक आदेश निकाला, जिसमें आने वाले एक महीने तक शहर व ग्रामीण इलाकों में धारा 144 लगाने का आदेश था। इसके तहत धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार की पताकाएं, बैनर और अन्य सामग्री सरकारी व सार्वजनिक चौराहों पर नहीं लगाने के निर्देश दिए हैं।

 

Related Articles

Back to top button