उत्तर प्रदेश: राज्यसभा की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन आज से, 31 तक दाखिल होंगे पत्र

लखनऊ
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के 11 सदस्यों का कार्यकाल चार जुलाई को समाप्त होगा। इन 11 सीट के लिए दस जून को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से प्रारंभ होगी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी दस जून को होने वाले चुनाव के लिए 31 मई तक नामांकन होगा। इसके बाद एक जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद पात्र प्रत्याशियों को उच्च सदन में भेजने के लिए दस जून से सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। दस जून की शाम को ही पांच बजे तक परिणाम आ जाएगा।

राज्यसभा की 11 में से सात पर तो भाजपा की जीत तय है। भाजपा आठवीं सीट के लिए भी प्रयास करेगा। इसके साथ ही संख्या बल के हिसाब से समाजवादी पार्टी को भी तीन सीट आराम से मिलेगी। समाजवादी पार्टी का प्रयास राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी को राज्यसभा में भेजने का है। राज्यसभा में 100 सीट के कोटे में उत्तर प्रदेश से कुल 31 सदस्य चुने जाते हैं। उत्तर प्रदेश के जिन 11 सदस्यों का कार्यकाल चार जुलाई 2022 को खत्म हो रहा है, उनमें भाजपा के पांच, समाजवादी पार्टी (सपा) के तीन, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो व कांग्रेस के एक सदस्य शामिल हैं। भाजपा के शिव प्रताप शुक्ला, सैय्यद जफर इस्लाम, संजय सेठ, सुरेन्द्र सिंह नागर और जय प्रकाश निषाद का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसी तरह समाजवादी पार्टी के सुखराम सिंह यादव, रेवती रमन सिंह व विशम्भर प्रसाद निषाद उच्च सदन से बाहर हो जाएंगे। बहुजन समाज पार्टी के सतीश चन्द्र मिश्रा और अशोक सिद्धार्थ का कार्यकाल पूरा हो रहा है जबकि कांग्रेस से कपिल सिब्बल की भी पारी समाप्त हो रही है।

विधानसभा में 403 विधायकों में भाजपा गठबंधन के पास 273 विधायक हैं। मुख्य विपक्षी दल सपा गठबंधन के विधायकों की कुल संख्या 125 है। राज्यसभा की प्रत्येक सीट के लिए कम से कम 37 विधायकों के वोट जरूरी हैं। इस हिसाब से भाजपा गठबंधन सात सीटों पर आसानी से जीत जाएगा। इसके बाद भी भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के 14 वोट बच जाएंगे। 11 में से तीन सीटों पर सपा गठबंधन की जीत पक्की है। उसके पास भी 14 वोट बच जाएंगे। ऐसे में असल मुकाबला 11वीं सीट के लिए होना है, जिसके लिए इन दोनों ही दलों को जीत दर्ज करने के लिए बाकी दलों का समर्थन लेना होगा। उच्च सदन में इस बार उत्तर प्रदेश से बहुजन समाज पार्टी के साथ ही कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा। विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस को 403 में से दो तथा बहुजन समाज पार्टी को सिर्फ एक पर ही जीत मिली है।

Deepak Vishwakarma

दीपक विश्वकर्मा एक अनुभवी समाचार संपादक और लेखक हैं, जिनके पास 13 वर्षों का गहरा अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं में कार्य किया है, जिसमें समाचार लेखन, संपादन और कंटेंट निर्माण प्रमुख हैं। दीपक ने कई प्रमुख मीडिया संस्थानों में काम करते हुए संपादकीय टीमों का नेतृत्व किया और सटीक, निष्पक्ष, और प्रभावशाली खबरें तैयार कीं। वे अपनी लेखनी में समाजिक मुद्दों, राजनीति, और संस्कृति पर गहरी समझ और दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हैं। दीपक का उद्देश्य हमेशा गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक सामग्री का निर्माण करना रहा है, जिससे लोग सच्ची और सूचनात्मक खबरें प्राप्त कर सकें। वह हमेशा मीडिया की बदलती दुनिया में नई तकनीकों और ट्रेंड्स के साथ अपने काम को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत रहते हैं।

Related Articles

Back to top button