MP News : संगठन ने मंत्रियों को चेताया कामकाज सुधारें और बढ़ाएं संपर्क
Latest MP News : शिवराज कैबिनेट के मंत्रियों को बीजेपी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा है कि वे क्षेत्र में अपने कामकाज में सुधार लाने के साथ प्रभार के जिलों में दौरे के वक्त कार्यकर्ताओं के लिए हर हाल में वक्त दें।
Latest MP News : उज्जवल प्रदेश, भोपाल. शिवराज कैबिनेट के मंत्रियों को बीजेपी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने रविवार को आईना दिखाते हुए कहा है कि वे क्षेत्र में अपने कामकाज में सुधार लाने के साथ प्रभार के जिलों में दौरे के वक्त कार्यकर्ताओं के लिए हर हाल में वक्त दें। उनके विचार सुनें और उनकी समस्याओं का निदान करें।
कैबिनेट के करीब आधा दर्जन मंत्रियों के कामकाज को लेकर मिल रही शिकायतों को लेकर उन्हें चेताया भी गया और समझाया भी गया कि अगर सुधार नहीं किया तो आने वाले दिनों में मंत्री पद और टिकट संकट में पड़ सकते हैं। प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में भाजपा संगठन ने विधानसभा संयोजकों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और संगठन द्वारा मंत्रियों के कामकाज को लेकर कराए गए सर्वे से मिले फीडबैक के आधार पर एक-एक मंत्री से चर्चा की।
मंत्रियों को सोशल मीडिया पर एक्टिव न रहने को लेकर एक बार फिर चेताया गया कि विकास यात्रा में कुछ मंत्रियों के साथ जो वीडियो वायरल हुए हैं, वह उनके और संगठन दोनों के लिए ही ठीक नहीं हैं। इसलिए जहां कमजोरी साबित हुई है वहां के लोगों से संवाद बढ़ाएं, उनकी समस्या का निराकरण कराकर सरकार और संगठन के मजबूती का काम करें।
बैठक में बुंदेलखंड, ग्वालियर चंबल और विन्ध्य के कुछ मंत्रियों के विरुद्ध शिकायतों पर भी चर्चा हुई है। संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रियों से बूथ विस्तारक अभियान 2.0 पर भी फोकस करने के लिए कहा है और जिले के कमजोर बूथों पर सशक्तिकरण के लिए संगठन के पदाधिकारियों से संवाद का निर्देश दिया है।
प्रभार के जिलों में करना होगा फोकस
बैठक के दौरान मंत्रियों को अपने क्षेत्र के साथ प्रभार के जिलों में अधिक से अधिक समय देने के लिए कहा गया है। यहां प्रवास के दौरान हितग्राहियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद पर मंत्रियों को फोकस करना है। सभी नेताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लोग ले रहे हैं लेकिन संवादहीनता की गलती कहीं-कहीं बड़ा रूप लेती है। इसलिए इस तरह की स्थिति को दूर करना है। सामाजिक नेताओं से मेल मुलाकात में भी कमी नहीं होना चाहिए।
प्रदेश भर में निकायों में हुआ पौधरोपण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिन पर प्रदेश भर में भाजपा संगठन और नगरीय निकायों में पार्षदों ने पौधरोपण किया। नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के आह्वान पर प्रदेश में 23360 पौधों का रोपण निकायों में तैयार की गई शिव वाटिकाओं में किया गया। इसमें महापौर, नगरपालिका व नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद शामिल हुए।
सीएम चौहान ने अपने जन्मदिन पर फिर अनुरोध किया कि जन-प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक यदि उनसे मुझे स्नेह करते हैं, तो मेरी जन्म वर्षगाँठ पर एक पौधा अवश्य लगा दें। साथ ही किसी जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता का कार्य भी कर सकते हैं। भाजपा किसान मोर्चा ने भी सभी मंडलों में पौधरोपण कराया है। इन सबने रविवार को लांच की गई लाड़ली बहना योजना के कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण कराया।
संगठन नेताओं ने दी सीएम को जन्मदिन की शुभकामनाएं
प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों के साथ बैठक शुरू होने के पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, सह प्रभारी रामशंकर कठेरिया, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पारासर समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने स्वागत किया और बुके देकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंत्रियों ने भी सीएम चौहान को 64 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं दी।