CM Mohan Yadav Oath Ceremony: मोहन यादव ने ली सीएम पद की शपथ, मोदी ने कहा- डबल इंजन सरकार दोगुने जोश के साथ काम करेगी

MP CM Oath Ceremony: मोहन यादव को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री की शपथ दिलाई। इसके साथ ही दो डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला ने भी शपथ ली।

  • जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने ली उप मुख्यमंत्री पद की शपथ
  • राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ
  • मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ भव्य शपथ समारोह
  • केंद्रीय मंत्री सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री हुए शामिल

MP CM Oath Ceremony: उज्जवल प्रदेश, भोपाल. मोहन यादव को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री की शपथ दिलाई। इसके साथ ही दो डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला ने भी शपथ ली। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में यह कार्यक्रम हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री समेत दिग्गज नेता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

पीएम मोदी ने MP के CM और दोनों डिप्टी CM को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, देश के हृदयस्थल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर डॉ. मोहन यादव और उप मुख्‍यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेंद्र शुक्‍ला को हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में राज्य में डबल इंजन सरकार दोगुने जोश के साथ काम करेगी और विकास के नए प्रतिमान गढ़ेगी। इस अवसर पर यहां के अपने सभी परिवारजनों को भी मैं ये भरोसा देता हूं कि भाजपा सरकार आपके जीवन को आसान बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।

शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने नवनिर्वाचित विधायक, भारतीय जनता पार्टी के राज्य, संभाग, जिला और विकासखंड स्तरों के सभी पदाधिकारी और लाखों की संख्या में कार्यकर्ता, स्वयंसेवक और आम नागरिक उपस्थित थे। भव्य शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केन्द्रीय नागरिक विमानन और इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।

Also Read – Breaking News

समारोह में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री महाराष्ट्र एकनाथ शिंदे, मुख्यमंत्री गुजरात भूपेन्द्र पटेल, मुख्यमंत्री मणिपुर एन. बीरेन सिंह, मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री मेघालय कोंराड संगमा, उप मुख्यमंत्री महाराष्ट्र देवेन्द्र फड़नवीस, उप मुख्यमंत्री महाराष्ट्र अजीत पवार एवं नागालैण्ड के उप मुख्यमंत्री वाय. पैटन शामिल हुए।

इसके साथ ही राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी.एल. संतोष, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, म.प्र. भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, पूर्व केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ आरंभ हुए शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव वीरा राणा ने किया। समारोह में देश के प्रमुख साधु संत भी सम्मिलित हुए। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से आए बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साह से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिवादन किया। कार्यक्रम का समापन पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ हुआ।

Breaking News: राजस्थान में भी आज ही होगा CM और डिप्टी सीएम का शपथ ग्रहण

Back to top button